Breaking News
recent

200 और वस्तुओं पर घट सकता है GST

200 और वस्तुओं पर घट सकता है GST
15 नवम्बर
नई दिल्ली  : वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में करीब 200 और वस्तुओं पर टैक्स घट सकता है। इस बार 18, 12 और पांच फीसदी के स्लैब वाले सामानों की भी दरें घटाई जाएंगी। बीते सप्ताह ही जीएसटी परिषद की बैठक में करीब पौने दो सौ वस्तुओं पर जीएसटी की दर को 28 फीसदी से घटाने का फैसला हुआ था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जीएसटी के विभिन्न स्लैब में आने वाली वस्तुओं पर टैक्स की दरों की समीक्षा चल रही है। इस बारे में उद्योग एवं कारोबार जगत के प्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया ली जा रही है, साथ ही राज्यों से भी फीडबैक आ रहे हैं। इन्हीं फीडबैक के आधार पर जीएसटी परिषद की आगामी बैठकों में फैसला लिया जाएगा।

करीब 200 सामानों पर अभी और जीएसटी की दरें घटाने को मंथन हो रहा है। हालांकि इन वस्तुओं पर जीएसटी दर घटाने का फैसला आगामी अप्रैल तक हो पाएगा। इस बार 18 फीसदी, 12 फीसदी और पांच फीसदी वाले सामानों पर भी कर की दर घटाई जाएगी।
अभी जिन वस्तुओं पर 18 फीसदी की दर से कराधान हो रहा है, उसे घटा कर 12 फीसदी, 12 फीसदी के स्लैब वाले सामानों को पांच फीसदी और पांच फीसदी वाले सामानों को शून्य फीसदी के स्लैब में लाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह सिर्फ 28 फीसदी के स्लैब में आने वाले सामानों पर ही कर में कटौती की गई थी।
अधिकारियों का कहना है कि जीएसटी मद में बीते अगस्त से अनुमान से ज्यादा कर वसूली हो रही है। कर वसूली के आंकड़ों को देखें, तो बीते जुलाई तक इसमें करीब 17,000 करोड़ रुपये का घाटा था, जो अगस्त में घटकर महज सात हजार करोड़ रुपये रह गया है। इसी वजह से कर की दरों में समीक्षा करने का उत्साह बढ़ा है।
अधिकारियों का यह भी कहना है कि टैक्स के स्लैब घटाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार चल रहा है। इस समय 28, 18, 12 और पांच फीसदी के दर से कर लगाए जा रहे हैं। इसे घटा कर तीन या दो स्लैब भी रखे जा सकते हैं। इस बारे में राज्यों से भी सलाह-मशविरा चल रहा है।


Anonymous

Anonymous

Powered by Blogger.