दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर 20 लाख रुपए की लूट
23नवम्बर 2017
नागौर - जिले के जायल थाना क्षेत्र के जायल-कटौती मार्ग पर बैंक कैशियर के साथ दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात हुई है.सफेद बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए लूटेरों ने कैशियर व कार चालक को बंदूक दिखाकर बैंक कैश के 20 लाख रुपए लूट लिए. वारदात की सूचना पुलिस को दी गई.मामले की सूचना मिलने के बाद जायल पुलिस मौके पर पहुंची और कैशियर पुष्पेद्र से घटना की जानकारी ली. कैशियर पुष्पेद्र ने जायल पुलिस को घटना क्रम बताया कि रोजाना की तरह वह व कार का चालक चेस्ट ब्रांच जायल से 20 लाख रुपए लेकर कटौती बैंक के लिए रवाना हुए.इस दौरान जायल-कटौती के बीच में पीछे से एक बोलेरो कैंपर ने कार को टक्कर मारी. इस पर उन्होंने सोचा कि एक्सीडेंट है तो वे नीचे उतरे. इसी दौरान कैंपर सवार भी नीचे उतरे और एक युवक की हाथ में पिस्तौल थी. उसने पिस्तौल लहराई. इस पर चालक नृसिंह व कैशियर पुष्पेद्र खेतों में जाकर छुप गए और लूटेरे कार में पड़ा 20 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए.कैशियर ने लूटेरों की संख्यां चार से पांच बताई है. मामले में एएसपी राजकुमार चौधरी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. जायल पुलिस ने जायल क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई है और संदिग्ध जगहों पर दबिश दी जा रही है.दिनदहाड़े लूट की इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.




