फिल्म पद्मावती के विरोध में आए भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक
16 नवम्बर 2017
जयपुर- पद्मावती फिल्म के विरोध में सरकार के मंत्री और विधायक भी अब खुलकर सामने आ गए हैं। गत दिनों विधायक भवानी सिंह राजावत, ज्ञानदेव आहूजा के बाद बुधवार को राज्य मंत्री सुशील कटारा, उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी और प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने भी इसे लेकर मीडिया में बयान दिए हैं।
![]() |
परनामी ने कहा है कि इतिहास के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारा इतिहास गौरवशाली है। फिल्म में इतिहास से छेड़छाड़ सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। राज्यमंत्री सुशील कटारा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान इसे लेकर पूछे सवाल पर कहा है कि इतिहास के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। फिल्म में ऐसा हो रहा है तो गलत है।
उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि रानी पद्मावती ने किले में उपस्थित 16 हाजर अन्य वीरांगनाओं के साथ जौहर किया, जिससे नीच अल्लाउद्दीन खिलजी और उसके सैनिक मृत्यु के बाद भी उनके शरीर को छूकर अपवित्र ना कर पाएं। ऐसी वीरांगनाओं के अमर शौर्य के इतिहास के साथ किसी भी सूरत में छल कपट स्वीकार नहीं हो सकता। हम मात्र मनोरंजन और कमाई के लिए बनाई गई फिल्म पद्मावती का पुरजोर विरोध करते हैं। जयपुर में राजमंदिर सिनेमाहॉल के बाहर करणी सेना के सदस्यों ने बुधवार को इस फिल्म के विरोध में प्रदर्शन भी किया।





