यूपी निकाय चुनाव: अयोध्या में फर्जी मतदान को लेकर हुआ हंगामा
22 नवम्बर 2017
लखनऊ: अयोध्या के कटरा मतदान केंद्र के बूथ संख्या 159 पर आनंद दास और राजू दास के बीच फर्जी मतदान को लेकर मारपीट हुई। इस बीच उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग को लेकर मतदाताओं में ख़ासा उत्साह देकने को मिल रहा है। मतदान के पहले डेढ़ घंटे में 11 फ़ीसदी से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इस बीच कई जगहों से ईवीएम ख़राब होने और वोटर लिस्ट में नाम होने की शिकायतें भी आ रही हैं। कानपुर जिले के नौबस्ता थाना इलाके के बूथ संख्या 66 पर ईवीएम मशीन खराब होने की वजह से मतदाताओं ने हंगामा किया।
![]() |
लोगों का आरोप था कि बटन कोई भी दबाओं वोट कमल को ही जा रहा है। इसके बाद लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच निर्वाचन अधिकारी और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचे। विरोध बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां भी भांजी। करीब 1 करोड़ 9 लाख 26 हजार 972 मतदाता इसमें शामिल होंगे। इसमें करीब 50,43,850 मतदाता महिला हैं। पहले चरण में कुल 4095 वार्ड हैं. मतदान के लिए आयोग की तरफ से 3731 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं जहां 11,683 बूथ पर मतदान हो रहा है।
आज मतदान में कुल 26,314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें करीब 10317 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। पहले चरण में विभिन्न नगर निगमों में महापौर के लिए जहां 56 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं पार्षद प्रत्याशी 3856 हैं। इसी तरह पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 901 प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि परिषद में सभासदी के लिए 10,642 उम्मीदवार खड़े हैं। इसी तरह से नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए कुल 1678 प्रत्याशी मैदान में हैं वहीं सभासद पद के लिए 9181 कैंडीडेट भाग्य आजमा रहे हैं।





