शोभासर मे बैंक के टूटे ताले, "हमारे पास समय नही है हम फिर आएंगे "
02 दिसम्बर 2017
सालासर - कस्बे के निकटवर्ती गाँव शोभासर मे बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में गुरुवार देर रात चोर घुस गए। हालांकि बदमाशों से सेफ रूम का लॉक नहीं टूटा और उसमें रखे एक लाख 25 हजार रुपए सुरक्षित बच गए। चोरी में असफल रहे बदमाश बैंक मैनेजर की टेबल पर चेतावनी भी लिख गए। नाम की जगह नीचे एसके चौधरी लिखा हुआ था। बदमाश बैंक में लगे चार सीसीटीवी कैमरों में से एक को तोड़कर ले गए और तीन की वायरिंग तोड़ गए। बैंक मैनेजर का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित है।
जानकारी के अनुसार बैंक में घुसे बदमाशों ने प्रवेश द्वार अन्य कमरों के ताले तोड़ लिए, लेकिन उनसे सेफ रूम के ताले नहीं टूटे। सेफ में एक लाख 25 हजार रुपए थे। बैंक मैनेजर की सूचना पर सुजानगढ़ डीएसपी सुखविंद्रपालसिंह सालासर एसएचओ कश्यपसिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। चूरू से एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम के सदस्यों ने घटना के बाद मौके से फिंगर प्रिंट, फोटोग्राफ्स सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट पर थाने में मामला दर्ज हुआ।
![]() |
| सुजानगढ़ डीएसपी सुखविंद्रपालसिंह जांच करते हुये |
मामलेको लेकर शाखा प्रबंधक ने बताया कि उनके परिवार में शादी होने के चलते वे सूचना पर बैंक गए और सीसीटीवी फुटेज की मशीन एसएचओ को दे दी। इस बारे में एसएचओ से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि वे सुजानगढ़ आए हुए है। रात करीब 8.45 बजे सालासर थाने पहुंचे एसएचओ कश्यपसिंह के अनुसार बैंक में घुसे बदमाशों ने एक कैमरा तोड़ दिया और दूसरे कैमरे की वायर तोड़कर उसे ऊपर की तरफ कर दिया। इसके चलते उक्त कैमरों के सीसीटीवी फुटेज में किसी प्रकार की फोटो नहीं आई है। फुटेज में कोई चेहरा नहीं दिख रहा।
बैंक मैनेजर की टेबल पर लिखी चेतावनी
बैंकमें चोरी करने में असफल रहे बदमाशों ने बैंक मैनेजर की टेबल पर चेतावनी भी लिखी। मैनेजर की टेबल पर लिखा हुआ था मेरे पास टाइम नहीं है, वापस आऊंगा। मेरे से पंगा मत लेना। नाम की जगह नीचे एसके चौधरी भी लिखा हुआ था। पुलिस ने उक्त लिखावट को बतौर साक्ष्य रखा है।
पड़ोसियों ने दी सूचना
शाखा प्रंबधक गजेंद्रसिंह ने रिपोर्ट दी कि गुरुवार शाम 6.30 वह और कैशियर बैंक बंद कर घर चले गए। शुक्रवार सुबह 8.30 बजे पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि बैंक का गेट खुला है। सूचना मिलने के बाद वह कैशियर को लेकर मौके पर पहुंचे तो बैंक का चैनल गेट, मैन गेट सेफ गेट के ताले टूटे हुए मिले। बैंक में घुसे बदमाश बैंक परिसर में लगे चार सीसीटीवी कैमरों में से एक को तोड़कर ले गए और अन्य तीन सीसीटीवी कैमरों की वायरिंग तोड़ दी। बैंक मैनेजर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि बैंक के स्ट्रोंग रूम में एक लाख 25 हजार रुपए नकद रखे हुए थे।





