7 करोड़ के घोटाले का फरार आरोपी ICICI बैंक का डिप्टी मैनेजर गिरफ्तार
02दिसम्बर
02दिसम्बर
बीकानेर- बीकानेर संभाग के चूरू जिला मुख्यालय स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में हुए करोड़ों के बहुचर्चित घोटाले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पिछले दो साल से फरार चल रहे बैंक के डिप्टी मैनेजर मनोज वर्मा को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर मुंसिफ कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया है।
चूरू के कोतवाली थाना के थानाधिकारी राधेश्याम के अनुसार अगस्त 2015 में आईसीआईसीआई बैंक चूरू में 5 करोड़ 86 लाख 39 हजार 28 रुपए का घोटाला सामने आया था।बैंक मैनेजर सुमित नारंग ने इस सम्बन्ध में कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया था।
पुलिस ने भारतीय दण्ड संहिता की धारा 409, 420 तथा 120बी के तहत मामला दर्ज किया था. बैंक रिकॉर्ड की जांच करने के बाद यह घोटाला कुल 7 करोड 56 लाख रुपए तक पहुंच गया था। घोटाले के आरोपी ने बैंक के कम्प्यूटर रिकॉर्ड में फर्जी रूप से एन्ट्री और हेराफेरी कर इस घोटाले को अंजाम दिया था।
पहले मामले में आरोपी मनोज वर्मा को जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। इस दौरान कोतवाली थाने में ही दूसरा मामला 4 लाख 95 हजार की फर्जी एफडी जारी करने का दर्ज हुआ था। इस मामले में कोतवाली पुलिस को आरोपी की तलाश थी। आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना के बाद जिला मुख्यालय पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।




