14 दिसम्बर 2017
बीदासर । राज्य सरकार द्वारा अनेक सरकारी
विद्यालयों का निजीकरन किए जाने को लेकर भारी विरोध हो रहा है तथा ग्रामीण जनता
में रोष बढ़ता जा रहा है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढढेरू भामूवान् को
पीपीपी मोड पर संचालित करने के राज्य सरकार के निर्णय का विरोध करते हुए ग्रामिणों
ने गुरूवार को सरपंच प्रतिनिधि हंसराज छापोला के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी को जिला कलेक्टर के नाम का हस्ताक्षरयुक्त
ज्ञापन सौंपकर जनहित में निर्णय वापस लेने की मांग की। प्रतिनिधि मण्डल ने बताया
कि विद्यालय को निजी हाथों में सौंप कर सरकार गरीब बालक-बालिकाओं व गरीब ग्रामीण जनता के
हितों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है। सरपंच सुमन प्रजापत ने कहा कि यदि सरकार
ने पीपीपी मोड का निर्णय वापस नहीं लिया तो मजबूर होकर जन आंदोलन करना पड़ेगा। जनता
में सरकार के इस निर्णय का भारी रोष व्याप्त है।
![]() |
| उपखण्ड अधिकारी को जिला कलेक्टर के नाम का ज्ञापन सौंपते ग्रामीण |
इसी प्रकार ग्राम पंचायत गिरवरसर के सरपंच संजय
गोदारा ने ग्राम पंचायत के राजकीय माध्यमिक विद्यालय रेड़ा को पीपीपी मोड पर दिये
जाने का विरोध करते हुए उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा तथा ग्रामीण हितों को
ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की। गोदारा ने आक्रोश व्यक्त करते
हुए चेतावनी के लहजे में कहा कि यदि सरकार ने इस जन विरोधी निर्णय को वापस नहीं
लिया तो जनता को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।






