Breaking News
recent

एड्स के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता आवश्यक  - चिकित्सा मंत्री

एड्स के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता आवश्यक  - चिकित्सा मंत्री
02 दिसम्बर 2017
जयपुर - चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री कालीचरण सराफ ने कहा कि एड्स के प्रसार को रोकने के लिए एड्स के बारे में जागरूकता आवश्यक है।                       
श्री सराफ शुक्रवार को प्रातः स्मृति वन के ओपन एयर थिएटर में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारम्भ किया। समारोह की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा श्रीमती वीनू गुप्ता ने की । 

चिकित्सा मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के वर्तमान चरण में युवाओं को अति संवेदनशील ग्रुप के तहत चिन्हित किया गया है। प्रदेश में कुल 66 हजार से अधिक व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव के रूप में चिन्हित कर उन्हें उपचार सुविधायें उपलब्ध करवायी गयी एवं वर्तमान में करीब 22 हजार व्यक्तियों को एआरटी उपचार दिया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर एचआईवी पॉजिटिव होने की प्रसार दर 0.27 प्रतिशत है। राजस्थान में यह दर राष्ट्रीय दर से कम 0.17 प्रतिशत है। उन्होंने एचआईवी व एड्स से जुडी भ्रातियां मिटा कर भेदभाव और लांछन को दूर करने की आवश्यकता प्रतिपादित की। उन्होंने कहा कि व्यवहार परिवर्तन लाकर एचआईवी पॉजिटिव लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ कर सामान्य जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री कालीचरण सराफ
चिकित्सा मंत्री ने संक्रमित व्यक्तियों को राजस्थान स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क सेवाएं एवं सुविधाओं का पूरा लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार एचआईवी व एड्स के साथ जी रहे लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लाभान्वित करने में देश का अग्रणी राज्य है। समस्त एचआईवी पॉजिटिव को बीपीएल श्रेणी में शामिल किया गया है। एचआईवी व एड्स के साथ जी रही महिलाओं को विधवा पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 750 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। इन्हें पालनहार व अन्त्योदय अन्न योजना से भी लाभान्वित किया जा रहा है। एचआईवी के साथ जी रहे व्यक्तियों की जांच, दवाइयों व उपचार की सुविधाएं समस्त सरकारी चिकित्सालयों में निःशुल्क प्रदान की जा रही है।
राजस्थान एड्स कन्ट्रोल सोसायटी के परियोजना निदेशक डॉ. एस.एस.चौहान ने अपने स्वागत भाषण में सोसायटी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एड्स से संबंधित नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। अतिरिक्त परियोजना निदेशक श्री प्रदीप चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। 
Anonymous

Anonymous

Powered by Blogger.