Breaking News
recent

पिता ने बेटी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, गुपचुप किया दाह संस्कार

पिता ने बेटी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, गुपचुप किया दाह संस्कार
14 दिसम्बर 2017

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में  ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी ही बेटी को गोली मार दी। गांव के लोगों को इसकी भनक न लगे इसके लिए शव का अंतिम संस्कार भी गुपचुप तरीके से किया गया। लेकिन सवेरे सरमथुरा पुलिस को इसकी सूचना मिल ही गई। पुलिस पहले तो किशोरी के घर पहुंची और उसके बाद वहां पहुंची जहां पर शव जलाया गया था। दोनों जगहों से सबूत जमा किए गए हैं। देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है और पिता को निगरानी में रखा गया है। सरमथुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्याहरवीं में पढ़ती थी किशोरी
       सरमथुरा थाने के सीआई पूरणमल यादव ने बताया कि आज तड़के इस बारे में सूचना मिली थी। फोरेंसिक टीम के साथ करीब सात बजे गांव पहुंचे। थाना क्षेत्र में स्थित रघुवीरपुरा गांव में रहने वाली सत्रह वर्षीय किशोरी शिवकुमारी की हत्या कर दी गई। उसे देसी कट्टे से गोली मार दी गई। बीती रात इस वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब घर के अधिकतर लोग सो चुके थे। पुलिस ने बताया कि शिवकुमारी गांव के नजदीक ही स्कूल में ग्यारहवीं में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि वह किसी के साथ अफेयर में थी। इसके चलते ही परिवार के लोग उससे नाराज थे। परिवार के लोगों से पूछताछ की कोशिश पुलिस ने की लेकिन पिता की दबंगई की चलते किसी ने भी पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं दी। बताया जा रहा है कि पिता बनियाराम मीणा ने ही बीती रात बेटी की हत्या कर दी।
सुराग मिटाने की कोशिश
        बीती रात शिवकुमारी की हत्या के बाद परिवार के कुछ लोगों ने ही शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। सवेरे किसी ने पुलिस को सूचना दी कि रातों रात ही किसी ने शव को जलाया है। इस पर पुलिस वहां पहुंची। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए बनियाराम के घर तक पुलिस जा पहुंची और वहां पूरी घटना का खुलासा हुआ।पुलिस ने शिवकुमारी के कमरे से कुछ सबूत उठाए हैं। घर से ही देसी कट्टा भी बरामद किया है। खाली खोल भी बरामद करने का प्रयास पुलिस कर रही है। जिस जगह पर शव जलाया गया वहां से भी पुलिस ने सबूत जमा किए हैं।

Anonymous

Anonymous

Powered by Blogger.