Breaking News
recent

UP में हाई अलर्ट, अयोध्या छावनी में तब्दील

बाबरी विध्वंस के 25 वर्ष : UP में हाई अलर्ट, अयोध्या छावनी में तब्दील

06 दिसम्बर 2017 

अयोध्या- बाबरी विध्वंस के 25 वर्ष पूरे होने के मद्देनजर पूरे यूपी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डीजीपी मुख्यालय ने यूपी के सभी जिला कप्तानों को अलर्ट रहने को कहा है। साथ ही जरूरत पड़ने पर जिले में धारा 144 लगाने की बात कही गई है।
कल 6 दिसंबर बाबरी विध्वंस के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पुलिस ने अयोध्या का सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया है। अयोध्या में सुरक्षा बलों व डॉग स्क्वायड की टीम के साथ अधिकारियों ने भी 6 दिसंबर की पूर्व संध्या पर रूट मार्च किया। अयोध्या आने-जाने वाले वाहनों पर खास नजर रखी जा रही है। वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
अयोध्या में लागू है धारा 144
अयोध्या की सुरक्षा में बढ़ोत्तरी की गई है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती संवेदशील स्थलों पर की गयी है। अयोध्या की सुरक्षा जोन व सेक्टर में बांटकर की जा रही है। अयोध्या में धारा 144 पहले से ही लागू है, जिसका कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। अयोध्या में उन्हीं कार्यक्रमों को अनुमति मिली है जो परंपरागत तौर पर होते रहे हैं। अयोध्या की सुरक्षा को देखते हुए प्रवेश मार्गों, चौराहों पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
6 दिसम्बर को जिले की सुरक्षा व्यवस्था को किले में तब्दील किया गया है। जिले को 4 जोन 10 सेक्टर में बांटकर 4 जोनल मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर, 14 सहायक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है। इनके अतिरिक्त 7 मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट नगर विन्घ्यवासिनी राय, नगर क्षेत्र अयोध्या फैजाबाद तथा अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था कायम रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी खास नजर
फैज़ाबाद जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाठक ने बताया कि 6 दिसम्बर 1992 की घटना के मद्देनज़र जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था कायम कराने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। साथ ही पुलिस प्रशासन भी बेहद चौकन्ना है। जगह-जगह चेकिंग करायी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह का कहना है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति या असामाजिक तत्व जनपद की सीमा में कोई गड़बड़ी न फैलाने पाये, इसके लिए सभी अधिकारियों को आज से ही चौकन्ना रहने एवं विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये गये।
यौमे गम और शौर्य दिवस के कार्यक्रम को मिली इजाज़त
6 दिसंबर को अयोध्या के कारसेवक पुरम में हिन्दू समाज शौर्य दिवस मनाता आ रहा है। वहीं, दूसरी तरफ मुस्लिम समाज मस्जिदों में यौमे गम मनाता है। हालांकि जिला प्रशासन ने किसी नए कार्यक्रम की इजाज़त नहीं दी है और किसी नए कार्यक्रम के किये जाने पर सख्ती से निपटने की चेतवानी दी है, लेकिन परंपरागत कार्यक्रमों को छूट दी गयी है।
यूपी के आईजी कानून व्यवस्था एचआर शर्मा ने कहा कि बुधवार को प्रदेश भर की पटाखा दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
Anonymous

Anonymous

Powered by Blogger.