Breaking News
recent

महाघोटालाः PNB के दो अधिकारियों के खिलाफ FIR, मोदी- चोकसे को फिर समन देगा ED


नई दिल्ली। PNB महाघोटाले केस में CBI ने इस बैंक के दो अधिकारियों गोकुलनाथ शेट्टी और मनोज हेमंत करात के खिलाफ मुंबई में एफआईआर दर्ज की है. इन पर घोटाले में शामिल कं पनियों के साथ मिलकर घोटाले को अंजाम देने के आरोप हैं|

      जानकारी के मुताबिक इन पर अनाधिकारिक और फर्जी तरीके से भारतीय बैंकों की विदेशी शाखाओं को LOU जारी करने के आरोप हैं. इसके साथ ही इन्होंने घोटाले में शामिल आरोपी कंपनियों के विदेशी सप्यालरों के लिए गलत तरीके से फॉरेन लेटर्स ऑफ क्रेडिट भी जारी किए थे।
नीरव मोदी के खिलाफ नया केस
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) महाघोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. शुक्रवार को ED ने PNB महाघोटाले के आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ एक और केस दर्ज किया. साथ ही देशभर में उसके 35 अलग ठिकानों पर छापेमारी की और 549 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त कर ली. मामले में अब तक कुल 5649 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

नीरव-चोकसे को ED जारी करेगा नए समन
इससे  पहले ED ने नीरव मोदी, उसकी पत्नी, भाई और मेहुल चोकसे को आज अपने मुंबई ऑफिस में पेश होने को कहा था. ED के पहले समन की अवधि शुक्रवार शाम को पूरी हो गई. ED अब इन चारों को फिर से समन जारी करने की तैयारी में है.

नीरव मोदी के 35 और ठिकानों पर छापे
मामले में जब्त की गई इन संपत्तियों में सोना, हीरा और अन्य ज्वैलरी शामिल हैं. ED ने नया केस CBI की दूसरी FIR के आधार पर दर्ज किया है. ED के सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को नीरव मोदी के 35 और ठिकानों पर छापेमारी की गई. उन्होंने बताया कि अब तक इस महाघोटाले में कार्रवाई करते हुए ED कुल 5649 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है. वैसे एक अनुमान के मुताबिक जब्त की गई इस संपत्ति की कीमत 6000 करोड़ रुपये तक की जा सकती है।
   सूत्रों के मुताबिक नीरव मोदी और उनके सहयोगियों के खिलाफ ये छापेमारी देश के 11 राज्यों में स्थित ठिकानों पर की गई है. इस दौरान जांच एजेंसी ने 29 अचल संपत्तियों की सूची भी बरामद की है. नीरव मोदी और उनकी कंपनी की इस संपत्ति की सूची CBDT से मिली है।
   शुक्रवार को ED की ओर से जिन 35 नए ठिकानों पर छापेमारी की गई है, उनमें से गोवा में दो, अहमदाबाद में सात, चंडीगढ़ में चार, कलकत्ता में एक, दिल्ली में तीन, पटना में एक, लखनऊ में चार, चेन्नई में एक, जालंधर में एक ठिकाने शामिल हैं. इसके अलावा आयकर (IT) विभाग के अधिकारियों ने मुंबई के काला घोड़ा स्थित नीरव मोदी के बूटीक के बाहर एक नोटिस भी चिपकाया है।
दो दिनों से हो रही है कार्रवाई
   इससे पहले गुरुवार को ED ने नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी और 5100 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी. वहीं, इस घोटाले के सामने आने के बाद पीएनबी ने कार्रवाई करते हुए अपने 18 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था।
इसके अतिरिक्त शुक्रवार को ही विदेश मंत्रालय ने नीरव मोदी और मेहुल चोकसे का पासपोर्ट चार सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया. साथ ही नीरव मोदी को इस बात का जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया कि आखिर उसके पासपोर्ट को क्यों न रद्द किया जाए? विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि अगर नीरव मोदी एक हफ्ते में जवाब नहीं देते हैं, तो यह माना जाएगा कि वो ऐसा करने में विफल रहे।
Anonymous

Anonymous

Powered by Blogger.