झगड़े के दौरान इन बदमाशों ने होटल में भी जमकर तोड़फोड़ की.
राजस्थान में चूरू जिले के सुजानगढ कस्बे में मेगा हाईवे स्थित यश होटल में बीते बुधवार की देर रात कुछ युवकों में हुई आपसी कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. इसमें एक युवक की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. खून से लथपथ विजय गोदारा नाम के युवक के शव को बगड़िया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वहीं गंभीर रूप से घायल गणेश जानू नाम के युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया. होटल में काम करने वाले वेटर बाबूलाल ने बताया कि शाम को बोलेरो कैंपर से चार-पांच युवक होटल आए थे. वे सभी रूम नम्बर 101 में ठहरे हुए थे. आधी रात के करीब होटल कमरे से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगी. इसके बाद मैं कमरे की तरफ गया तो वे लोग झगड़ते हुए बाहर की तरफ आ गए इस दौरान उन्होंने हमसे भी मारपीट की और होटल में तोड़फोड़ कर दी. झगड़ते-झगड़ते ये सभी लोग होटल के बाहर हाईवे पर चले गए वहां लाठियों एवं डंडों से एक दूसरे को मारने लग गए है. इसके बाद दो-तीन युवक एक अन्य गाड़ी लेकर भाग गए. डरे-सहमे होटकर्मियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सतनाम सिंह व सीआई दरजाराम जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मौके से बीकानेर नम्बरों की एक बोलेरो कैंपर बरामद की. पुलिस ने बताया कि मृतक विजय गोदारा बाघसरा पूर्वी का निवासी था।





