बिदासर । निकटवर्ती ग्राम चाड़वास में मंगलवार शाम एक 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना मिलने पर उसके 54 वर्षीय पिता को भी हार्ट अटैक आ गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार विवाहित युवती पति से तलाक के बाद पीहर चाड़वास में ही रह रही थी। उसके मोहल्ले में ही फोटो स्टूडियो चलाने वाला एक युवक उसे परेशान करता था। इससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। इस संबंध में विवाहिता के भाई ने छापर थाने में रिपोर्ट दर्ज कारवाई कि उसके मोहल्ले में बिदासर निवासी अमन ब्राह्मन नाम के युवक ने फोटो स्टूडियो कर रखा है। अमन पिछले डेढ़-दो साल से उसकी बहन को परेशान कर रहा था। इससे परेशान होकर बहन ने पढ़ाई भी छोड़ दी। उन्होंने अपनी बहन का चूरू में रिश्ता किया, तो युवक ने उसे तुड़वा दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी बहन की शादी लाडनूं कर दी, तो युवक वहां पर भी जाकर उसे परेशान करने लगा। गांव व समाज के लोगों ने उसकी समझाइश भी की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसकी बहन का तलाक हो गया।
तीन मार्च को वह बीदासर स्थित अपनी दुकान से आने की तैयारी कर रहा था, तो उक्त युवक ने अपने दो-तीन साथियों के साथ उसे घेर लिया और उसे धमकी दी कि उसकी बहन की उसके मोबाइल में फोटो व वीडियो है। अपने पिता को बोलकर अपनी बहन की शादी उससे करवा दे। इस बाबत उन्होंने बीदासर थाने में सूचना दी और रात को घर आ गए। घर आने पर उसकी बहन ने उन्हें बताया कि एक साल पहले उक्त युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।
इसके बाद उक्त युवक उसे रोज शादी करने का दबाब बनाने लगा और नहीं करने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी देने लगा। सोमवार सुबह बीदासर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। उक्त युवक थाने के बाहर उसके पिता को धमकाने लगा और उसकी बहन के बारे में उलटा-सुलटा बोलने लगा। इससे उसके पिता की तबीयत बिगड़ गई तो वह उन्हें लेकर बीदासर अस्पताल पहुंचा, जहां से उसे सुजानगढ़ रैफर कर दिया। तब वह पिता को छापर के अस्पताल ले गया। इधर, पीछे से घर में उसकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब ये बात पिता को पता चली तो उन्होंने भी दम तोड़ दिया। रिपोर्ट में लिखा गया कि उक्त युवक ने गलत काम कर उसकी बहन को मरने पर मजबूर किया और इसी कारण से उसके पिता की भी मौत हो गई।





