बीदासर। चूरू के पूर्व सांसद रामसिंह कस्वा व
सुजानगढ़ विधायक खेमाराम मेघवाल ने रविवार को दूसरे दिन भी तहसील के गांवों में
जाकर जनसुनवाई की तथा विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
जनसुनवाई में
विधायक व पूर्व सांसद को जगह-जगह जनता के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्राम
लालगढ़ में किशोरसिंह राजपूत ने बस स्टेशन पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर शिकायत की
तो विधायक ने कहा कि ये मेरा काम नही है प्रशासन का काम है जिस पर विधायक के साथ
काफी तकरार हुई । वहीं ग्राम पंचायत कातर छोटी में भी बस स्टेशन पर हो रहे
अतिक्रमण को हटाने की बात को लेकर काफी तकरार हुई जिसके कारण माहौल इतना गरमा गया
कि जनसुनवाई के बीच लोगों को शांत करने के लिए कातर पुलिस चौकी से पुलिस जाप्ता
बुलाना पड़ा। जिसके बाद चौकी प्रभारी एएसआई रूपसिंह ने जनता से समझाईस कर शांत
किया।
गांव मालासर में
ग्रामिणों ने सप्लाई में आ रहे गंदे पानी की शिकायत की तथा बोतल में गंदा पानी
लेकर मौके पर सांसद व विधायक को दिखाते हुए कहा कि ग्रामिणों को गन्दा पानी पीने
को मजबूर होना पड़ रहा है जिस पर मौके पर मौजूद जलदाय विभाग के एईएन को समस्या का
समाधान जल्द करने को कहा। गांवों में
आक्रोशित ग्रामिणों ने विधायक व सांसद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आप वोट
मांगने तो आ जाते हो और आज साढ़े चार साल हो रहे है ग्रामिण क्षेत्र में कोई भी
समस्या का समाधान नही किया गया और जब आपको किसी समस्या के बारे में बताया गया तो
आश्वाशन देकर इतिश्री कर ली और अब आगे चुनाव आ रहा है तो आप लोगों को हमारी याद आई
है। इस दौरान ग्राम
लालगढ़ के ग्रामिणों ने राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में अध्यापक लगाने,
खेल मैदान बनाने की, झाझडो की ढाणी विद्यालय तक सडक बनाने व चार दीवारी की मांग की। बाढ़सर गांव में 11 हजार केवी विद्युत लाईन को गांव से बाहर से
निकलने की मांग, बाढ़सर से
बिलनियासर सडक डामरीकरण,
कातर-लालगढ़ सडक को चोड़ी करने, ग्राम बाढ़सर-मुंदड़ सडक डामरीकरण,
कांधलसर गांव में कक्षा कक्ष निर्माण व अध्यापक
लगाने की मांग, माध्यमिक
विद्यालय को क्रमोन्नत करने की मांग, करणी माता मंदिर से कांधलसर सडक बनाने की मांग,
आपदा राहत में फसल खराबे के मुआवजा दिलाने,
नोहडिय़ा कांधलसर कटाणी मार्ग की मांग, समुदायक भवन बनाने, छीलाणी तलाई में ट्यूबवेल बनाने, दान दी गई भूमि को श्मशान भूमि में तब्दील करने, मालासर गांव में
विद्यालय क्रमोन्नत करने, पेयजल व्यवस्था
सही करने, उपस्वास्थ्य भवन बनाने,
कातर छोटी में बस स्टेशन से अतिक्रमण हटाने,
श्रीकृष्ण गौशाला में चारदीवारी, बस स्टेशन पर लगे विद्युत विभाग के
ट्रांसफार्मर को अन्य जगह लगाने, सडु छोटी में
अम्बेडकर छात्रावास भवन, 33 केवी जीएसएस पर
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, राजकीय प्राथमिक विद्यालय निमलाधोरा तक सडक का डामरीकरण करने सहित विभिन्न कार्यों को करवाने की
मांगें रखी। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी दीनदयाल बाकोलिया, विकास
अधिकारी विनोद कुमार रेगर, डॉ. प्रदीप शर्मा, ग्रामसेवक गिरधारी सोनी, सरपंच
महावीर सिंह पार्वतीसर, प्रहलाद जाखड़, जैसाराम प्रजापत, मनोज ढ़ाका, भाजपा
वरिष्ठ कार्यकर्ता बुद्धिप्रकाश सोनी, मांगीलाल भामू, अरूण तिवाड़ी सहित विभिन्न सरकारी महकमों के अधिकारी
व कार्यकर्ता मौजूद थे।





