सरदारशहर. विभिन्न मांगों को लेकर पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी एवं मनरेगा संविदा कर्मचारियों का चल रहा धरना सोमवार को जारी रहा।
इस मौके पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर मांगों को लेकर बीडीओ संतकुमार मीणा को ज्ञापन सौपा गया। कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश पर चले जाने से पंचायती राज के सभी कार्य ठप हो गए हैं। मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह सारण व ब्लॉक संरक्षक पवन पारीक ने कहा कि महानरेगा संविदा कार्मिकों तथा पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश पर चले जाने से ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला परिषद तक के विभागीय कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष किशनसिंह राठौड़ ने बताया कि प्रदेश व्यापी आह्वान पर मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय के आगे सद्बुद्धि यज्ञ, धरना व प्रदर्शन किया जाएगा। 30 मई को जिला मुख्यालय पर वाहन रैली निकालकर विरोध किया जाएगा।
धरना 28 वें दिन जारी
सादुलपुर.8 मनरेगा कार्मिकों का धरना सोमवार को 28वें दिन धरना जारी रहा। मनरेगा कार्मिक संघ के अध्यक्ष दिनेश पूनिया ने बताया कि मांग के समर्थन में भाजपा नेता रामसिंह कस्वां को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री से मिलकर उचित कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।
शुरू करेंगे आंदोलन
बीदासर. मनरेगा संविदा कार्मिक संघ बीदासर के बैनर तले कनिष्ठ लिपिक व एसएसआर भर्ती 2013 को पूर्ण कराने को लेकर सोमवार को 28 वें दिन धरना जारी रहा। मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने समर्थन देते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर मंत्रालियक कर्मचारी संघ के किशनाराम ने कहा कि सरकार को अपनी हठधर्मिता को छोड़कर इस भर्ती को हर हाल मे पूर्ण करना होगा। अन्यथा सरकार के खिलाफ आन्दोलन को और तेज किया जाएगा।
कर्मचारी अवकाश पर
तारानगर. एलडीसी भर्ती पूर्ण करवाने सहित सात सूत्री मांगों को लेकर नरेगा कार्मिकों ने सोमवार को पंचायत समिति मुख्यालय पर धरना दिया। अनिल कुमार, शिवभगवान शर्मा, विकास वर्मा, कृष्ण कुमार, जगदीश प्रसाद, सुभाष महला, राकेश बेनीवाल, रेणू आदि धरने पर बैठे। उधर पंचायत राज मंत्रालयिक कर्मचारी भी मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश पर रहे। उन्होंने भी पंचायत समिति मुख्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। इसमें रिड़मल, किशन सूंडा, नरेन्द्र बलौदा, कृष्ण नैण, शिवकुमार, भगवानाराम गूगड़, दरियासिंह, धनराज डागर कर्मचारी सामूहिक अवकाश व धरना देने वालों में शामिल थे।
पंचायतों में कामकाज ठप
सुजानगढ़. पंचायत समिति के सामने मनरेगा कार्मिक संघ व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ का धरना सोमवार को पांचवे दिन भी जारी रहा। सोमवार को धरनार्थियों ने अद्र्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हुए मांगों की तरफ सरकार का ध्यानाकर्षित करवाया। कार्मिकों के सामूहिक अवकाश के चलते ग्राम पंचायतों में कामकाज ठप है। ब्लॉक अध्यक्ष सतीश अग्रवाल व भंवरलाल सिहाग ने कहा कि सरकार ने जल्दी ही उनकी मांगों को लेकर कोई समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में अनेक कार्मिक शामिल थे।





No comments:
Post a Comment