रायपुर । रेल राज्य मंत्री गोहेन ने छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की और लगातार रेल का विकास करने को कहा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह ट्रेन बिलासपुर से चलने वाली थी, लेकिन रेल मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत करने के बाद इसे रायपुर से दुर्ग तक विस्तार दिया गया है। उन्होंने प्रदेश में रेलवे के विस्तार के बारे में भी सकारात्मक बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 साल में छत्तीसगढ़ में रेलवे का जबरदस्त विकास हुआ है और आगे भी यह जारी रहेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सुनील सिंह सोइन ने भी शेर और शायरी के अंदाज में रेल के विकास के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने भी राज्य शासन के सहयोग की सराहना की।
कम समय में पहुंचा देगी दिल्ली
- इस ट्रेन की सारी बोगियां अत्याधुनिक, लेकिन जनरल हैं। इसमें रायपुर से दिल्ली का टिकट सिर्फ 350 रुपए और फिरोजपुर का 425 रु. है। कम किराए के बावजूद इस सुपरफास्ट की स्पीड राजधानी एक्सप्रेस के बराबर रखी गई है। यह केवल 20 घंटे में दिल्ली पहुंचा देगी। वहीं राजधानी के अलावा यहां की तमाम सुपरफास्ट ट्रेनें 24-26 घंटे से पहले दिल्ली नहीं पहुंच रही हैं। ट्रेन इसलिए पंजाब के बार्डर तक जा रही है क्योंकि रायपुर का बड़ा वर्ग पंजाब-हरियाणा और दिल्ली से कनेक्ट है। ये ट्रेन 6 मई से हर रविवार को रायपुर की बजाय दुर्ग से चलकर यहां आएगी और संपर्क क्रांति के रूट से दिल्ली जाएगी। रायपुर से इस ट्रेन को औपचारिक शुरुआत मंगलवार से हो गई।
- रायपुर स्टेशन से मंगलवार को सुबह 11.30 बजे अंत्योदय एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई गई। अंत्योदय एक्सप्रेस छत्तीसगढ़ में दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर के बाद शहडोल, कटनी, दमोह, सागर, झांसी और दिल्ली होती हुई रोहतक, जींद, भटिंडा से होकर फिरोजपुर पहुंचेगी। यह प्रदेश से इतनी दूरी तक जाने वाली पहली ट्रेन है, जिसमें किराया इतना कम रखा गया है। इसका टिकट स्टेशन के सामान्य टिकट काउंटर से मिलेगा। इसके बाद अंत्योदय के टिकट एटीवीएम व मोबाइल टिकटिंग के जरिये मिलने लगेंगी। इस ट्रेन में एक भी कोच रिजर्व नहीं रहेगा, यानी कोई भी इसमें सफर कर सकेगा।
- अंत्योदय के कोच अलग तरह से डिजाइन किए हुए हैं। ट्रेन 16 बोगियों के साथ शुरु की गई है। साथ में दो जनरेटर वैन भी हैं। ट्रेन के हर कूपे में चार बर्थ हैं। ऊपर वाली बर्थ में लगेज रखा जा सकता है। हर बोगी में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा सारा डिस्प्ले डिजिटल है जो आने वाले स्टेशन का नाम डिस्प्ले कर रहा है। सबसे खास बात ये है कि इस ट्रेन की हर बोगी में दो-दो वाटर कूलर मशीनें हैं, जो दोनों ओर से पीने के लिए आरओ वाटर सप्लाई करेंगे।
- अंत्योदय एक्सप्रेस का कांसेप्ट लंबी दूरी की यात्रा कम खर्च से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसके स्टापेज कम रखे गए हैं, ताकि वही लोग इसमें सफर कर सकें, जिन्हें दूर तक जाना है। दुर्ग से फिरोजपुर को मिलाकर इसके 17 स्टापेज हैं और कई मंझोले शहरों से यह बिना रुके गुजरेगी। यह प्रत्येक रविवार को सुबह 7.45 बजे रायपुर से चलकर सोमवार को दोपहर 1 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। लौटने वाली ट्रेन फिरोजपुर से प्रत्येक मंगलवार को रात 12.20 बजे चलकर गुरुवार को सुबह साढ़े 6 बजे रायपुर आएगी।





