अकलेरा पत्रिका. पंचायत सरड़ा में पेयजल समस्या अब नहीं रहेगी। इसके लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से योजना को मूर्तरूप दिया जा रहा है। अस्पताल के समीप पानी की टंकी समेत अन्य काम चल रहा है। इस कार्य पर करीब 92 लाख खर्च होंगे। गत दिनों सरड़ा के जोगमंडी में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए इस काम की घोषणा की थी। इसके बाद विभाग में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य आदेश के बाद काम शुरू हो गया।अब तक कार्यस्थल पर दो ट्यूबवैल खुदाई कार्य पूरा हो चुका है और पानी की टंकी एवं स्वच्छ जलाशय की खुदाई का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों को करीब 6 माह में यह काम पूरा होने पर पेयजल की सुविधाएं मिलेंगी। टंकी से करीब 2 किमी तक आवश्यकता के अनुसार पाइप लाइन डाली जाएगी। अभी गांव में करीब ढाई सौ कनेक्शन हैं।
गर्मी में आती है परेशानी
गांव में गर्मी के समय पानी के लिए ग्रामीण इधर उधर भटकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक ही पानी की टंकी होने से उसमें पर्याप्त पानी नहीं आता। इसके कारण पीने के पानी की जरूरत के अनुसार इधर उधर भटकना पड़ता है। किसी के यहां ट्यूबवैल से या कुओं पर जाकर पानी भरना पड़ता है। नहाने का पानी नदी से भी कुछ लोग लाते हैं। हैंडपंप लगे हुए हैं लेकिन इनसे पर्याप्त पानी नहीं मिलता है। गर्मी में यह भी हवा फेंकते है। कई लोग तो पानी के टैंकर भी मंगवाते है। टंकी निर्माण से अब ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भी पानी के लिए इधर उधर नहीं जाना पड़ेगा।
टंकी निर्माण के बाद जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को कनेक्शन भी दिए जाएंगे।
वीपी गुप्ता, सहायक अभियंता
ग्राम पंचायत की ओर से ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दो हजार लीटर की 14 टंकियां लगा रखी है। पानी के लिए चार ट्यूबवैल कनेक्शन है। पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
शिव दयाल पारेता सरपंच
ठेकेदार से ही ठीक करवाई पाइप लाइन
मनोहरथाना पत्रिका. . कस्बे में बीएसएनएल की भूमिगत केबल लाइन डालने वाले ठेकेदार की जेसीबी मशीन से तीसरी बार जलदाय विभाग की मुख्य भूमिगत पाइप लाइन तोड़ी गई। जलदाय विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं और समझौता कर टूट लाइन ठेकेदार से ही ठीक करवा ली। जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियन्ता रामनाथ मीणा ने बताया कि किशनपुरिया से मनोहरथाना में आने वाली जलदाय विभाग की मुख्य भूमिगत पाइप लाइन कालीखाड़ नदी की छोटी पुलिया के निकट शनिवार को बीएसएनएल विभाग के ठेकेदार की जेसीबी मशीन ने तोड़ दी थी। जिससे संपूर्ण पेयजल आपूर्ति का पानी व्यर्थ में बह गया। इस कारण जलापूर्ति नहीं हो सकी। शनिवार रात में उसी ठेकेदार से पाइप लाइन ठीक करवाई गई। रविवार को आपूर्ति बहाल हो गई।





No comments:
Post a Comment