Breaking News
recent

इंस्टेंट लोन लेने से पहले जान लें ये जरुरी बातें,नही तो होगा बड़ा नुकसान

फाइनेंशियल वर्ल्ड बदल रहा है। बैंक प्रोसेस अब अधिक तेज और पेपरलेस हो गए हैं। वे दिन याद करें जब लोगों को सिर्फ पैसे जमा करने या निकालने के लिए लम्बी कतारों में खड़ा होना पड़ता था? और यदि आपको एक छोटा सा भी लोन चाहिए होता था तो कोई बता नहीं पाता था कि वह लोन मिलने में कितना समय लग सकता है। उसके बाद ATM और ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा मिली, और तब से काफी कुछ बदल गया है। अब, आपको तेजी से लोन मिल सकता है - पहले से मंजूर, बिना किसी कागजात के, और तत्काल।

इंस्टेंट लोन या तत्काल ऋण अब इतने लोकप्रिय हो गए हैं कि कई उधारकर्ता अब ट्रेडिशनल पर्सनल लोन से ज्यादा इसे महत्व देने लगे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि इंस्टेंट लोन का उद्देश्य उधारकर्ताओं की परेशानी को कम करना और उधारदाता और उधारकर्ता दोनों का समय बचाना है। इंस्टेंट लोन चाहे कितना भी सुविधाजनक क्यों न हो, आपको यह जरूर मालूम होना चाहिए कि आप क्या करने जा रहे हैं। यहाँ इंस्टेंट लोन लेने से पहले विचार करने योग्य कुछ महत्वपूर्ण बातों के बारे में बताया जा रहा है।

आप इंस्टेंट लोन कैसे पा सकते हैं

अब आप घर, ऑफिस या कहीं से भी बैठे-बैठे इंस्टेंट लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं जो इंटरनेट से जुड़ा हो। आपको बस बैंक की वेबसाइट में जाना है, ऑनलाइन आवेदन फॉर्म खोलना है, विवरण भरना है, मांगे गए दस्तावेजों की सॉफ्ट कॉपी अटैच करनी है, और आवेदन को जमा कर देना है। आवेदन की गई रकम और आपकी योग्यता के आधार पर बैंक जल्दी से यह फैसला करेगा कि आपका लोन मंजूर करना है या नहीं, और लोन मंजूर करने के बाद सीधे आपके बैंक अकाउंट में फंड ट्रांसफर कर देता है। आप एक प्री-अप्रूव्ड लोन और एक इंस्टेंट या पेपरलेस लोन को एक समान समझने की भूल कर सकते हैं। लेकिन दोनों में फर्क है। प्री-अप्रूव्ड लोन के मामले में, बैंक, ग्राहकों को लोन देने से पहले उनकी योग्यता की जांच करते हैं और उन्हें लोन देने का ऑफर करते हैं जो उसके लिए आवेदन कर भी सकते हैं और नहीं भी। इंस्टेंट लोन के मामले में, उधारकर्ता अपनी जरूरत के हिसाब से कभी भी लोन के लिए आवेदन कर सकता है और उधारदाता तुरंत उसके फाइनेंशियल क्रेडेंशियल्स और योग्यता की जांच करता है और उसके बाद उसके आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार करता है। इंस्टेंट लोन, आर्थिक संकट की घड़ी में काफी उपयोगी साबित होता है लेकिन इसे लेने से पहले आपको इससे जुड़े खर्चों के बारे में जरूर जान लेना चाहिए।

सावधानी के साथ उधार लें

इंस्टेंट लोन आसानी से मिल जाता है। लेकिन यह सोचने की भूल न करें कि यह आसानी से मिल जाता है तो यह आसानी से चूकता भी हो जाएगा। हर आर्थिक संकट से निकलने के लिए बार-बार उधार लेने की आदत नहीं डालनी चाहिए। उधार बहुत सोच-समझकर और सिर्फ तभी लेना चाहिए जब पैसों का इंतजाम करने के लिए कोई दूसरा और सस्ता उपाय न हो। क्योंकि बार-बार इंस्टेंट लोन के लिए आवेदन करने पर उधारकर्ता के क्रेडिट स्कोर पर बुरा असर भी पड़ सकता है।

सस्ते विकल्पों की तलाश करें

इंस्टेंट लोन आसानी से और तुरंत मिल जाने के कारण यह आपको अन्य लोन विकल्पों पर विचार करने से रोक सकता है। उदाहरण के लिए, आपको बहुत कम ब्याज दर पर एजुकेशन लोन मिल सकता है। लेकिन, लोग जल्दी से लोन की रकम पाने के लिए, एजुकेशन लोन के सस्ते दर को नजरंदाज करते हुए, इंस्टेंट लोन का ब्याज दर अधिक होने के बावजूद, इंस्टेंट लोन ही लेते हैं। लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए, हमेशा एक से अधिक विकल्पों पर नजर डालें और एक ऐसा लोन लें जो सबसे सस्ता भी हो और चुकाने में सबसे सुविधाजनक हो।

नियम एवं शर्तें अधिक सख्त हो सकती हैं

इंस्टेंट लोन की रकम का पूर्वभुगतान करने पर आपको फाइन देना पड़ सकता है। इंस्टेंट लोन की ब्याज दरें आम तौर पर एक सामान्य पर्सनल लोन से अधिक होती हैं। प्रोसेसिंग फीस पर भी ध्यान देना चाहिए।

आपकी उधार लेने की क्षमता घट सकती है

एक इंस्टेंट लोन एक असुरक्षित लोन है और यह आपकी उधार लेने की क्षमता को कम कर देती है जब तक आप उसे चुका नहीं देते। मान लीजिए, आप लोन लेकर घर खरीदना चाहते हैं लेकिन चूंकि आपने पहले से ही एक इंस्टेंट लोन ले रखा है और उसकी EMI भर रहे हैं, इसलिए आपकी लोन चुकाने की क्षमता उस हद तक कम हो जाएगी और आपको तब तक कोई बड़ा लोन नहीं मिल सकता जब तक मौजूदा इंस्टेंट लोन चुकता नहीं हो जाता। उदाहरण के लिए, आप हर महीने 50,000 रु. तक की EMI भर सकते हैं लेकिन आप एक इंस्टेंट लोन लेते हैं और उसके लिए आप हर महीने 20,000 रु. की EMI भरना शुरू करते हैं। इसलिए, एक नए लोन के लिए आपकी लोन चुकाने की क्षमता, उस इंस्टेंट लोन के पूरी तरह चुकता होने तक, घटकर लगभग 30,000 रु. प्रति माह हो जाएगी।

इंस्टेंट लोन का इस्तेमाल, आर्थिक संकट से निकलने के लिए अंतिम विकल्प के तौर पर करना चाहिए और जब पैसों का इंतजाम करने के लिए कोई दूसरा विकल्प बचा न हो। एक बार यह लोन ले लेने के बाद इसे बड़ी सावधानी के साथ हैंडल करना चाहिए और इसे जल्द से जल्द चुका देना चाहिए।

इस लेख के लेखक, BankBazaar.com के CEO हैं



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.