Breaking News
recent

पेयजल के लिए त्राहि-त्राहि

जयपुर

जहां एक तरफ लोग भीषण गर्मी से परेशान है वहीं दूसरी तरफ पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। कहीं पर हैंडपंप नाकारा हो गए हैं तो नलों में पानी कम दबाव से आ रहा है। कई इलाके एेसे हैं जहां पर पानी सप्ताह में एक दिन आ रहा है। बावजूद इसके न तो टैंकरों से जलापूर्ति हो रही है और न ही नलों में। जिसके कारण लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

चाकसू के कई गांव-ढाणियों में जलापूर्ति व्यवस्था गड़बड़ा गई है। यहां चावण्डियां ग्राम में एकमात्र हैंडपंप हैं जिस पर न सिर्फ गांव के लोग निर्भर है बल्कि आसपास गांवों के ग्रामीण भी यही पर पानी भरने आते हैं। लेकिन इस हैंडपंप में भी पानी कम हो गया है। जबकि कस्बे के चारों तरफ के जलाशय सूखे पड़े हैं। पेयजल के लिए सुबह-शाम महिला-पुरुषों की लंबी लाइनें लगती हैं। वार्ड मेम्बर जनुडी देवी व समाजसेवी रामावतार सैनी ने बताया कि विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार समस्या से अवगत करवा चुके हैं। लेकिन समस्या जस की तस है। भीषण गर्मी में जनता पेयजल के लिए तरस रही है। अभी जून व जुलाई का समय निकालना है। अस्थाई रूप से टैंकरों की व्यवस्था कर दे तो पीडि़त लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। सहायक अभियंता तेजसिंह ने बताया कि इस क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए 395 लाख की योजना बनाकर भेजी हुई है। शीघ्र समाधान संभव है।

एक साल बाद भी बोरिंग में विद्युत कनेक्शन नहीं

दूसरी तरफ पावटा कस्बे के तुलसीपुरा ग्राम में सिंगल फेज बोरिंग में एक साल बाद भी विद्युत कनेक्शन नहीं हुआ है। जिसके कारण बोरिंग चालू नहीं हो रहा है। जिला पार्षद पूरणमल बुनकर ने बताया कि पंचायत समिति पावटा के ग्राम पंचायत तुलसीपुरा के ग्राम ठीकरिया में स्वीकृत सिंगल फेज बोरिंग मय विद्युत कनेक्शन स्वीकृत नवम्बर 2015 एवं टीएस स्वीकृत दिसम्बर 2016 की पालना में अप्रेल 2017 को बोरिंग हो चुका है तथा टंकी का निर्माण भी करवाया जा चुका है। वहीं ग्राम पंचायत पाछूडाला के ग्राम टोरडा ब्राह्मण में जुलाई 2016 को स्वीकृति के बाद टीएस आदि कार्य करवाए जा चुके हैं। इसके बाद जनवरी 2018 बोरिंग कर दी गई है। लेकिन विद्युत विभाग की ओर से विद्युत कनेक्शन जारी नहीं किया गया। एेसे में मुख्य कार्यकारी अधिकारी से गुहार लगाई है कि वह जांच करवाकर विद्युत कनेक्शन जारी करवाए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.