Breaking News
recent

ऐसा क्या हुआ कि खाली बर्तन लेकर, ढोल बजाते हुए महिलाएं पहुंच गई शिविर में

चौमहला. कस्बे में पेयजल संकट से जूझ रहे कुछ मोहल्ले वासियों ने शनिवार को अपनी मांग अनोखे ढंग से रखी। आक्रोशित महिलाओ ने खाली बर्तन हाथों में लेकर ढोल के साथ प्रदर्शन करते हुए। चौमहला ग्राम पंचायत परिसर में न्याय आपके द्वार शिविर में पहुंच कर गंगधार उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर पेयजल समस्या से अवगत कराया।
कस्बे के हरिजन मोहल्ला, नायक मोहल्ला, माल गोदाम रोड, नीचे मंडी इलाके में पेयजल संकट है। इन मोहल्लों में आजतक जलदाय विभाग की पाइप लाइन नहीं होने से लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर वार्ड पंच सजंय जैन, प्रतिनिधि रमेश मकवाना के नेतृत्व में महिलाओं ने ढोल बजाकर हाथों में खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया तथा जुलुस के रूप में न्याय आपके द्वार शिविर में उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन दिया। इस दौरान कांग्रेस नगर उपाध्यक्ष हरेश गौड, अनिल वर्मा सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रही। वार्ड पंच संजय जैन ने बताया कि इस समस्या से लोग बरसों से जूझ रहे हैं और कितनी ही बार अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाया गया है लेकिन हालात नही सुधरे।
उपखंड अधिकारी ने समस्याओं का समाधान करवाने का आश्वासन दिया तथा जल्दी विभाग अधिकारी को बुलाकर रूबरू करवाया। फिलहाल मोहल्ले में एक टैंकर पानी सप्लाई करने के आदेश जारी किए हैं। जलदाय विभाग कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार का कहना है कि हमारे द्वारा जिन मोहल्लो में पाइप लाइन नहीं है उनका मैप बनाकर तैयारी कर ली गई है। जिसको आलाधिकारी तक भिजवा दिया गया है। मोहल्ले में पानी की तात्कालिक व्यवस्था कर दी जाएगी।

इधर कानून के रखवालों ने ही तोड़ दी पाइप लाइन
सुनेल. थाना परिसर में अवैध कनेक्शन लेने के लिए शुक्रवार शाम को पुलिस कर्मियों ने पानी की पाइप लाइन तोड़ दी। इसके बाद टूटी पाइप लाइन से पानी व्यर्थ बहता रहा। इससे आवासन मंडल कालोनी में शनिवार को पेयजल सप्लाई नहीं हो सकी।
लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। गौरतलब है कि कस्बे में पाइप लाइन की आए दिन खुदाई बिना मापदण्ड की जा रही है पाइप लाइनों की खुदाई करने वाले उपभोक्ताओं को यह भी पता नही है कि पाइप लाइन कंहा तथा कितनी गहराई में है इसके चलते आए दिन ये टूट जाती है जबकि खुदाई से पहले इसकी जानकारी तथा नक्शा होना चाहिए। ऐसा नही होने से नुकसान आम जनता का ही हो रहा है। खुदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट जाने से कई फीट ऊंचाई तक फव्वारे चल जाते है।
हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है। कनिष्ठ अभियंता जतीश प्रकाश डागल ने बताया कि इस सम्बन्ध में थानाधिकारी महेश सिंह चारण को मोबाइल बात कर सूचना दे दी है। वही अधिशाषी अभियंता भवानीमंडी को भी लिखित में सूचना दे दी है।

मनोहरथाना में जेसीबी ने लाइन तोड़ी
मनोहरथाना. कस्बे में जलदाय विभाग की मुख्य भूमिगत पाइप लाइन शनिवार को बीएसएनएल की भूमिगत केबल लाइन डालने के लिए जमीन खोदने वाली ठेकेदार की जेसीबी मशीन ने तोड़ दी। इससे पूरा पानी व्यर्थबह गया और कस्बे वासियों को शनिवार शाम को जलापूर्ति नहीं हुई। बीएसएनएल के ठेकेदार की लापरवाही से ऐसा एक सप्ताह में दूसरी बार हुआ है।
जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियन्ता रामनाथ मीणा ने बताया कि किशनपुरिया से मनोहरथाना में आने वाली जलदाय विभाग की मुख्य भूमिगत पाइप लाइन कालीखाड़ नदी की छोटी पुलिया के निकट शनिवार को बीएसएनएल की भूमिगत केबल लाइन डालने के लिए जमीन खोदने वाली ठेकेदार की जेसीबी मशीन ने तोड़ डाली जिससे संपूर्ण पेयजल आपूर्ति का पानी बह गया। इस कारण जलापूर्ति नहीं हो सकी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.