Breaking News
recent

नकली नोट मामले में तीन और गिरफ्तार, एक लाख 18 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद

गंगापुरसिटी। कोतवाली थाना पुलिस ने नकली नोट मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से एक लाख 18 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। न्यायालय में पेश करने पर एक आरोपित को तीन दिन के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि अन्य तीन को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी दीपक ओझा ने बताया कि 9 जून को बामनवास पट्टीकलां निवासी आरोपित धारासिंह मीना के पास से नकली 2-2 हजार रुपए के 34 हजार रुपए बरामद किए थे। आरोपित से पूछताछ के बाद महवा थाना क्षेत्र के आतर हेडा निवासी विक्रम मीना, मेहन्दीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के मीना सीमला निवासी शिवराम मीना तथा महवा थाना क्षेत्र के ठीगड़ा निवासी मेघश्याम उर्फ मेघराज मीना को गिरफ्तार किया है।

आरोपित धारा सिंह, विक्रम मीना, शिवराम व मेघ श्याम को शुक्रवार को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जहां से विक्रम को 18 जून तक पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया है। वहीं अन्य आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

किस से कितने बरामद
पुलिस के अनुसार विक्रम मीना से 2-2 हजार रुपए के 32 नोट तथा एक 500 रुपए का नोट कुल 64 हजार 500 रुपए बरामद किए गए हैं। इसी प्रकार शिवराम मीना से 2-2 हजार रुपए के 22 नोट और मेघश्याम उर्फ मेघराम से 2-2 हजार रुपए के 5 नोट बरामद किए गए हैं। दो को हिमाचल से दबोचा आरोपित धारा सिंह के हत्थे चढऩे के बाद पुलिस ने पूछताछ की तो अन्य लोगों के नाम सामने आए।

उप निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शिवराम से पूछताछ के बाद विक्रम व मेघश्याम उर्फ मेघराम को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली की एक होटल से पकड़ा गया। गंगापुरसिटी लाने के बाद आरोपित से पूछताछ के बाद उनके पास से तथा घर से नकली नोट बरामद किए गए हैं।

क्या है मामला
महूकलां चौकी प्रभारी रमेश सिंह को 9 जून को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दूध की डेयरी के पास शराब ठेके पर दो हजार रुपए का नकली नोट चलाने का प्रयास कर रहा है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर धारा सिंह मीना को गिरफ्तार कर 34 हजार रुपए के नकली नोट बरामद किए थे। पूछताछ में अन्य आरोपितों के नाम सामने आने पर पुलिस ने उनको भी दबोच लिया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.