सादुलपुर.
यू-ट्यूब पर ट्रेनिंग लेकर एटीएम कार्ड बदलकर लाखों रुपए की ढगी करने के शातिर आरोपी युवक को पुलिस ने श्रीगंगानगर के सादुलशहर से दबोच लिया। बीए में पढऩे वाले आरोपी ने उम्र से अधिक ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। एक दिन पहले चूरू व नोहर में एटीएम बदलकर रुपए निकालकर यहां से श्रीगंगानगर पहुंच गया था। लेकिन पीछे लगी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी भगवानसहाय मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने एटीएम कार्ड बदलकर 24 वारदातों को अंजाम देकर करीब 10-12 लाख रुपए की ठगी की है। एसपी राहुल बारहट की ओर से गठित टीम ने सीकर जिले के पाटन के गांव न्यौराणा निवासी आरोपी मनीष मीणा (20) को गिरफ्तार किया है। टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर घटना को अंजाम देने के बाद परिवादी की बैंक डिटेल प्राप्त कर उक्त एटीएम से हुए ट्रांजेक्शन की जगहों का मोबाइल डिटेल प्राप्त की। वहीं हाल ही में हुई एटीएम की वारदातों में कोटपूतली, सादुलपुर, नोहर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर व सादुलशहर आदि स्थानों की मोबाइल डिटेल प्राप्त कर तकनीकी विश्लेषण किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक दर्जन से भी अधिक क्लोन एटीएम भी बरामद किए हैं। एसपी की ओर से आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गइ है।
कॉल डिटेल से आया पकड़ में
पुलिस की ओर से निकाली गई कॉल डिटेल में एक मोबाइल नंबर बाहर का था। जो बार-बार काम में लिया जा रहा था। दूसरी ओर से कॉल डिटेल निकालने पर उक्त मोबाइल की आईडी मनीष मीणा के नाम से मिली। कॉल डिटेल में नंबरों की लोकेशन न्यौराणा थाना पाटन जिला सीकर एवं सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर में अधिक पाई गई।
इस तरह किया गिरफ्तार
थानाधिकारी मीना ने बताया कि लोकेशन प्राप्त करने के बाद 22 जून को पता चला कि आरोपी अपने गांव न्यौराणा आया हुआ है। जिस पर एसआई अमित कुमार के नेतृत्व में टीम नीमकाथाना आदि स्थानों पर भेजी गई। इसी बीच आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। टीम ने झुंझुनूं के कई होटलों में भी जांच की। मगर अगले ही दिन आरोपी की लोकेशन चुड़ेला में पाई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनेक ढाबों वालों से आरोपी की फोटो दिखाकर पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी डेढ़ घंटे पहले चूरू की ओर निकल गया है। बाद में आरोपी ने चूरू के पंखा सर्किल पर एटीएम बदलकर वारदात को अंजाम दिया तथा नोहर की ओर चला गया। पुलिस जब नोहर पहुंची तो पता चला कि एटीएम बदलकर ३७ हजार रुपए की ठगी हुई है तो फिर पुलिस ने लोकेशन खंगालकर सादुलशहर के लिए रवाना हुई। जहां पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
यू-ट्यूब पर अपलोड वीडियो से ली ट्रेनिंग
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मनीष मीणा ने खुलासा किया कि एटीएम बदलकर रुपए निकालने की वारदात करने की ट्रेनिंग यू-ट्यूब पर अपलोड वीडियो को देखकर ली गई थी। जिसमें वारदात करने का तरीका, क्लोन एटीएम एवं एटीएम बदलकर लोगों से ठगी का तरीका बताया गया। आरोपी ने वारदात के कारणों का खुलासा करते हुए कहा कि रुपए निकालकर अपने महंगे शौक पूरा करता था।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
थानाधिकारी मीण ने बताया कि आरोपी ने 23 जून 2018 को चूरू में एटीएम बदलकर 79 हजार रुपए की ठगी की। इसके अलावा इसी दिन नोहर में वारदात को अंजाम देकर 37 हजार रुपए की ठगी की। इसके अलावा अपने साथियों के साथ चूरू में तीन, हनुमानगढ़ में चार, श्रीगंगानगर में दो, सीकर में दो, झुंझुनूं में दो, जयपुर शहर व ग्रामीण में चार, पंजाब में तीन, अलवर मेंं दो, हरियाणा में दो वारदातों सहित कुल 24 घटनाओं को अंजाम देकर लाखों रुपयों की ठगी करना स्वीकार किया है।
यह थे टीम में शामिल
एसपी की ओर से गठित टीम में एएसपी राजेन्द्र मीणा, डीएसपी सुरेशचंद्र जांगिड़, थानाधिकारी भगवानसहाय मीणा, एसआई अमित कुमार, साइबर एक्सपर्ट कांस्टेबल रामचंद्र, सुरेश कुमार, नरेश कुमार, अजय कुमार, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार व साइबर सेल प्रभारी चूरू सुरेश कुमार शामिल थे।
यह हुई थी घटना
एटीएम बदलकर रुपए निकालने के मामले में छह अप्रेल 2018 को सादुलपुर के वार्ड 13 निवासी उमरदीन ने मामला दर्ज करवाया कि 31 मार्च को खाते में से रुपए निकालने के लिए पिलानी रोड पर स्थित एटीएम में गया तो उसके पीछे दो लड़के भी एटीएम के अंदर घुस गए। जिनसे पैसे निकलवाने के लिए मदद मांगी तो आरोपियों ने उसके एटीएम कार्ड से एक हजार रुपए निकालकर दे दिया और इसी दौरान एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में आरोपितों ने उसके खाते से एक लाख 89 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस वारदातो को भी इसी ने अंजाम दिया।





No comments:
Post a Comment