रावला मंडी.
शुक्रवार रात 11 बजे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति से एक किलो 200 ग्राम अफीम बरामद कर उसे गिरफ्तार किया। उसकी बोलेरो कैम्पर भी जब्त की गई। थाना प्रभारी अमरजीत चावला ने बताया शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध अवस्था में धान मंडी के गेट के पास एक बोलेरो कैम्पर गाड़ी खड़ी है। इसमें एक व्यक्ति सवार है। पुलिस मौके पर पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देख कर भागने लगा। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ कर गाड़ी की तलाशी ली जिसमें से एक किलो 200 ग्राम अफीम बरामद की गई।
पूछताछ में उसने अपना नाम रणजीतपुरा बज्जू थाना निवासी कलवंत राम (30) पुत्र भागीरथ बिश्नोई बताया। पुलिस ने अफीम व बोलेरो कैम्पर जब्त करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना अधिकारी ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में आरोपी ने अफीम दंतौर से किसी व्यक्ति से लाना बताया है। आरोपी अफीम रावला में किस को सप्लाई करने के लिए आया था, यह पूछताछ के बाद ही पता चलेगा। आरोपी इससे पहले भी रावला में कई बार अफीम सप्लाई कर चुका है। चावला ने बताया आरोपी पर बीकानेर सदर थाने में धोखाधड़ी के दो मुकदमे, फलौदी, बाड़मेर, जैसलमेर में आपराधिक मामले व बज्जु थाने में एक मामला एनडीपीएस एक्ट का दर्ज है।
आरोपी शातिर बदमाश बताया जा रहा है। चावला ने बताया कि आरोपी पर 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच विक्रम सिह चौहान कर रहे हैं। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया।
प्याज की आड़ में अफीम की तस्करी
पदमपुर.
किसान आंदोलन को लेकर चल रही किसानों की नाकेबंदी के दौरान शनिवार तड़के भगतसिंह चौक पर एक बोलेरो कैम्पर में प्याज की आड़ मे अफीम ले जाते तीन जनों को पकड़ा गया। किसानों ने जीप व तीनों आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना थानाधिकारी रामेश्वर लाल बिश्नोई ने बताया कि तीनों आरोपित जोधपुर के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार किसानों व पुलिस ने भगत सिंह चौक पर शनिवार सुबह पांच बजे नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान वहां पहुंची बोलेरो कैम्पर को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी को गजसिंहपुर मार्ग पर भगा लिया। किसानों ने अपनी गाडियों से पीछा किया। बोलेरो 26 बीबी गांव की लिंक रोड पर मुड़ी तो आगे किसी किसान ने सड़क के बीच ट्रैक्टर लगाकर रास्ता रोका और फिर जीप को पकड़ लिया। जीप व उसमें सवार तीन जनों को काबू करके भगत सिंह चौक पर लाया गया।
यहां पुलिस व किसान जीप से प्याज के थैले उतरवा रहे थे, इसी दौरान अफीम की खुशबू आने लगी। इस पर किसानों ने प्याज के सारे थैले नीचे उतार दिए। पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के टूल को खोलकर देखा। उसमे एक थैले में 400 ग्राम अफीफ पड़ी मिली। इस पर किसानों पुलिस ने जीप में सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और जीप को थाने में ले आये।
थानाधिकारी रामेश्वर लाल बिश्नोई ने बताया कि बोलेरो कैम्पर में अफीम की तस्करी करने के आरोप में घेवरराम पुत्र मूलाराम निवासी तेचु जिला जोधपुर, गणपतराम पुत्र लाधुराम निवासी रोवर्ण तहसील तेचु जिला जोधपुर, माला राम पुत्र राजा राम निवासी खेयासरिया तहसील तेचु जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 400 ग्राम अफीम व बोलेरो गाड़ी सीज कर दी गई है।





No comments:
Post a Comment