सवाईमाधोपुर. यहां हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मं मंगलवार रात को विभागीय कार्मिकों की लापरवाही के चलते पेयजल टंकी का वॉल्व खुला रह गया। इससे टंकी में भरा 50 टैंकर पानी व्यर्थ बह गया। रात करीब ग्यारह बजे सूचना पर पहुंचे विभाग के कार्मिकों ने वॉल्व बंद किया। जलदाय अधिकारियों ने कार्मिक को वहां से हटा कर दिया है। टंकी खाली होने के कारण सुबह महज चंद मिनट ही जलापूर्ति हो सकी।
लोगों ने किया हंगामा : बुधवार सुबह जलापूर्ति नहीं होने पर गुस्साए लोग तीन सेक्टर स्थित पानी की टंकी पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि दो दिनों में भी जलापूर्ति नहीं हो रही है और ना ही टैंकरों से जलापूर्ति कराई जा रही है ऐसे में लोग परेशान है।
कार्मिक ने वॉल्व खुला छोड़ दिया। ऐसे में पानी व्यर्थ बह गया। रात में ही सेक्टर-3 में जलापूर्ति हो गई। इससे सुबह टंकी खाली होने के कारण जलापूर्ति नहीं हो सकी। बुधवार को टंकी को टैंकरों से फिर भरवाया गया है।
सरजन सिंह मीणा, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग, सवाईमाधोपुर।
पानी की समस्या को लेकर दिया ज्ञापन
बौंली. पानी की समस्या को लेकर वार्ड नंबर-2 के मोहल्लेवासियों ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन दिया। मशरूर आलम शिर्वानी ने बताया कि वार्ड नंबर 2 से नाइयों के मंदिर से पानी की लाइन पुरानी डाली हुई है वह लाइन खाती मोहल्ले तक आ रही है। लाइन में 10 से12 कनेक्शनों में एक बूंद भी पानी नहीं आ रहा।
दुष्कर्म के आरोपित को जेल भेजा
बाटोदा. मोरपा गांव की एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को मोरपा निवासी बंटी पुत्र कैलाश रैगर को दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद बुधवार को गंगापुर सिटी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने आगामी 9 जुलाई तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। उल्लेखनीय है कि आरोपित ने मोरपा गांव की ही एक नाबालिग लड़की के साथ गत रविवार रात को जबरन दुष्कर्म किया था।
बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
मलारना डूंगर. स्टेशन रोड स्थित बिच्छीदोना ढोले के पास बुधवार सुबह अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इससे ट्रॉली में भरी बजरी अमरूद के खेत में बिखर गई। गनीमत रही की हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे के लगभग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मलारना स्टेशन से मलारना डूंगर की तरफ बजरी लेकर आ रहा था। ओवरलोड बजरी भरी होने व तेज रफ्तार में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इससे बिच्छीदोना ढोले के घुमाव पर ट्रेक्टर ट्रॉली सड़क से नीचे खेत में पलट गई। इस दौरान चालक ट्रैक्टर से कूद गया। इससे उसकी जान बच गई।





No comments:
Post a Comment