Breaking News
recent

नही हुई फसल की खरीद तो धरने पर बैठ किसानों ने मचाया हंगामा तो राजफैड़ ने बढ़ाई तारीख....पढे़ खबर क्या था मामला

पाली . नम्बर आने के बावजूद समर्थन मूल्य पर चने की फसल की खरीद नहीं हो पाने के कारण मंगलवार को कृषि मंडी स्थित सरकारी खरीद केन्द्र पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसान मंडी परिसर में स्थित खरीद केन्द्र में धरने पर बैठ गए। आखिरकार राजफैड ने खरीद की तिथि 20 जून से बढ़ाकर 24 जून कर दी। तब जाकर किसानों ने राहत की सांस ली।

हुआ यूं कि खरीद केन्द्र पर 20 जून तक ही समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने फसल खरीदने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि अंतिम तिथि के बाद रसीद भी नहीं निकल सकती, ऐसे में खरीद नहीं कर सकते। इतना ही नहीं, जिन किसानों को फसल खरीद के लिए गुरुवार का दिन आवंटित किया था, उन किसानों की फसल खरीद भी बंद कर दी। इस पर किसानों ने विरोध करते हुए धरना दे दिया। हालांकि, बाद में किसानों के विरोध को देखते हुए राजफैड ने किसानों से खरीद की तिथि 20 जून से बढ़ाकर 24 जून तक करने का आदेश जारी कर दिया।

इस दौरान पूर्व विधायक भीमराज भाटी, भीमाराम कुलथाना, कालाराम चौधरी, पन्नालाल जैतपुर, श्रवणसिंह पुनायता, राणाराम, जगमाल भाट सहित कई किसान मौजूद रहे।

2604 किसानों से खरीद अब भी शेष

समर्थन मूल्य पर चने एवं सरसों की फसल बेचने के लिए पाली कृषि मंडी स्थित खरीद केन्द्र पर 7 जून तक 4650 किसानों ने रजिस्टे्रशन करवाया है। जबकि, 2 अप्रेल से खरीद शुरू होने के बाद 21 जून तक 2046 किसानों से ही खरीद हो पाई हैं। जबकि 24 जून सरसों की एवं 30 जून चने की फसल खरीद की अन्तिम तिथि हैं। ऐसे में बाकी बचे 10 दिनों में 2604 किसानों से फसलों की खरीद करना भी बड़ा चुनौतीपूर्ण कार्य होगा।

आदेश में किया संशोधन

-पहले 20 जून तक ही बैकडेट के किसानों से खरीद का आदेश थे। गुरुवार को कम्प्यूटर से रसीद ना निकल पाने के कारण बैकडेट की खरीद रोक दी गई। अब आदेश मिला है तो 24 जून तक किसानों से खरीद हो सकेगी।

- हनुमंतसिंह, खरीद केन्द्र प्रबधंक।

मिली थी विरोध की सूचना

-किसानों के विरोध की सूचना मिली थी। इसके बाद कलक्टर एवं विधायक के हस्तक्षेप से उच्च अधिकारियों को किसानों की समस्या से अवगत करवाया। अब 24 जून तक बैकडेट के किसान अपनी फसल बेच सकेंगे।

- विरेन्द्र चारण, मैनेजर क्रय-विक्रय सहकारी संघ।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.