चूरू.
शहर में कृषि उपज मंडी जिला स्तरीय कृषि ज्ञान संदर्भ केंद्र चूरू में इन दिनों एक पद पर दो उप निदेशक होने से काम बाधित पड़ा है।
ऐसे में अपने कामों से यहां आने वाले किसान व कार्यरत अधीनस्थ कर्मचारी परेशान हैं। गौरतलब हैकि कृषि ज्ञान संदर्भकेंद्र में पहले से कार्यरत उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक सत्यनारायण गढ़वाल का तबादला हनुमानगढ़ हो गया था। इस दौरान गत 23 मईको मिले विभागीय आदेश पर झुंझुनूं से स्थानांतरित होकर आए नए उप निदेशक दीपक कपिला ने इस पद पर कार्यग्रहण कर लिया। इसके बाद पुराने उप निदेशक गढ़वाल ने 11 जून को राज्य सिविल सेवा अधिकरण में तबादले के विरुद्ध अपील दायर कर दी। जिस पर अधिकरण की ओर से आगामी सुनवाई नौ जुलाईतक स्थगन आदेश दे दिया। स्थगन आदेश के आधार पर 13 जून को गढ़वाल ने यहां वापस कार्यग्रहण कर कलक्टर, कोष कार्यालय व विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित में अवगत करवा दिया।मगर उप निदेशक कपिला विभागीय मार्गदर्शन के मुताबिक काम करने की बात कहते हुए इन्हें यहां काम नहीं करने दे रहे हैं। उधर गढ़वाल ने स्थगन आदेश के बारे में कलक्टर सहित अन्य उच्चाधिकारियों को अवगत करवाते हुए ज्वाइन करवाने की मांग की है। एक ही पद पर दो-दो उप निदेशक होने से कार्यालय में काम बाधित पड़ा है।
इनका कहना है
गढ़वाल जी ने पहले कोई स्थगन आदेश नहीं दिखाया। अब दो दिन पहले स्थगन आदेश ई-मेल किया है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा गया है। उनके निर्देशानुसार काम किया जाएगा। मैंने विभागीय आदेश से यहां ज्वाइन किया है।
दीपक कपिला, उप निदेशक, उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक, चूरू
मेरा तबादला हुआ था। जिस पर मैंने राज्य सिविल सेवा अधिकरण में अपील कर दी। अधिकरण ने तबादले पर स्थगन आदेश पारित कर दिया। स्थगन आदेश के आधार पर मैंने वापस कार्यग्रहण कर लिया।मगर दीपक कपिला जी ने कमरे के ताला लगा दिया। अब काम नहीं कर पा रहा हूं। मैंने अपनी ज्वाइनिंग व वर्तमान स्थिति से कलक्टर सहित अन्य उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया है।
सत्यनारायण गढ़वाल, उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक, चूरू





No comments:
Post a Comment