चौहटन/बाड़मेर. चौहटन क्षेत्र के बूठ राठौड़ान गांव में पिता पर जानलेवा हमला कर नाबालिग बेटी के अपहरण के मामले में पुलिस ने तीसरे दिन रविवार को नाबालिग को गिराब थाना क्षेत्र के ऊगेरी गांव से दस्तयाब किया है। हालांकि पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि नाबालिग लड़की किसके कब्जे से बरामद हुई। मामले में शामिल आरोपी पुलिस पकड़ से दूर हैं। पुलिस उप अधीक्षक सुरेन्द्र प्रजापत के नेतृत्व में गठित टीम ने उगेरी गांव में दबिश देकर नाबालिग को दस्तयाब किया। पुलिस उसे चौहटन थाने लेकर आई। यहां परिजन से मिलाया गया।
जिला अस्पताल पहुंची पुलिस
पुलिस नाबालिग को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां मेडिकल करवाने के लिए बोर्ड का गठन हुआ है। उसका सोमवार को मेडिकल करवाया जाएगा। पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति को सुपुर्द किया। समिति के सदस्यों ने काउंसलिंग के बाद परिजन को सुपुर्द किया है।
नामजद हैं आरोपी
मामले में पिता की रिपोर्ट के आधार दो दर्जन से ज्यादा आरोपी नामजद हैं। पुलिस का कहना है कि कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। वारदात में शामिल आरोपी घर से गायब हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश देकर तलाश में जुटी हुई हैं।
बेटी के साथ हुई मारपीट
बेटी की सुपुर्दगी के बाद परिजन घबराए हुए हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा भी मांगी है। परिजन का आरोप है कि बेटी के साथ आरोपियों ने मारपीट की है। उसके पैर में घाव भी है।
यह था मामला
चौहटन थाने में नाबालिग के पिता ने दो दर्जन से ज्यादा आरोपितों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की लेकिन शनिवार रात तक पुलिस आरोपितों का पता नहीं लगा पाई है। नाबालिग लड़की बरामद हुई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है लेकिन आरोपित पकड़ से दूर हैं।





No comments:
Post a Comment