Breaking News
recent

रसूखदारों के कब्जे बचाने के लिए करोड़ों का बजट शिफ्ट

श्रीगंगानगर.

शहर के जिम्मेदार कहे जाने वाले नगर परिषद सभापति और राधेश्याम गंगानगर सहित ब्लॉक एरिया के वे लोग जिनके आवास के आगे करीब पांच से छह फीट के थड़े है, उन कब्जों को तीन साल पहले हटाया गया था। ताकि वहां मुख्य नाले और नालियां शिफ्ट होने से सड़क की चौड़ाई मौजूदा 35 फीट से बढ़कर करीब पचास फीट की हो जाएं। नाले और नालियों के शिफ्ट करने के लिए तत्कालीन कलक्टर पीसी किशन ने राज्य सरकार के पास बजट देने का प्रस्ताव भेजा था लेकिन तब सरकार ने टालमटोल की। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2017-18 के राज्य के बजट में मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी थी।

अब यह बजट राजस्थान अर्बन इन्फ्रास्टे्रक्चर रेनवाल प्रोजेक्ट (आरयूआईआरपी) के प्रथम चरण के तहत 7 करोड़ 49 लाख 98 हजार रुपए का बजट दिया है। इस बजट की जारी गाइडलाइन को नगर परिषद प्रशासन ने अपने मनमर्जी के मुताबिक तैयार कर लिया है। उन वार्र्डो में नालों, नालियों का निर्माण और सड़कों की मरम्मत के लिए जहां एक भी कब्जा हटाया तक नहीं है, में खर्च करने के लिए निविदा भी जारी कर दी है।


ऐसा करने से बदल जाती तस्वीर
हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन की मॉनीटरिंग कमेटी ने गत तीन सालों में जिन जिन मार्गों पर कब्जे हटाए गए वहां यदि यह बजट खर्च होता तो वहां की सड़कों का विस्तार एकाएक बढ़ जाता। सड़के इतनी चौड़ी हो जाती जिससे यातायात में आ रही बाधा से स्थायी रूप से निजात मिल जाती। सुखाडिय़ा सर्किल रामलीला मैदान के कॉर्नर से हरमिलापी कॉलोनी के कॉर्नर तक इस तुलसी मार्ग पर नगर परिषद सभापति अजय चांडक का आवास भी है, इस रोड की मौजूदा चौडाई महज बत्तीस फीट है जबकि ऑन रिकॉर्ड यह पचास फीट चौड़ी है। यही स्थिति भाटिया पेट्रोल पंप से शहीद उधमसिंह चौक तक मार्ग है। इस पर पूर्व मंत्री राधेश्याम गंगानगर का आवास है। इस रोड की चौड़ाई ऑन रिकॉर्ड पचास फीट की है लेकिन मौजूदा चौड़ाई 33 फीट है।


इन इन वार्डों पर मेहबान परिषद
पुरानी आबादी के सोलह वार्ड ऐसे है जहां एक भी अतिक्रमण हटाया नहीं है। वहां नगर परिषद प्रशासन ने इस बजट से वहां निर्माण कार्य के लिए दरियादिली दिखाई है। इसमें वार्ड 10 और 11 में सात-सात लाख रुपए से सड़कों की मरम्मत, वार्ड 16 में पेचवर्क पर पांच लाख रुपए, आदर्श टाकीज से पुरानी आबादी सब्जी मंडी तक मुख्य नाले पर 61 लाख 87 हजार, उदाराम चौक से श्रीराम बारातघर तक नाला मरम्मत पर 77 लाख 10 हजार, ट्रक यूनियन पुलिया से उदाराम चौक तक नाला मरम्मत पर 35 लाख रुपए, टावर रोड से वार्ड तीन तक नाले की मरम्मत पर साढ़े 42 लाख रुपए, वार्ड दो में सड़कों के पेचवर्क पर पांच लाख रुपए, वार्ड बीस में सड़क पेचवर्क पर सात लाख रुपए का बजट खर्च किया जाएगा।


इस नाले की ली सुध, डेढ़ करोड़ रुपए का बजट मंजूर
शहर में बरसाती पानी की निकासी सुखाडिय़ा मार्ग पर नहीं हो पाती है, इस रोड पर बरसात गुजरने के तीन दिन तक पानी की निकासी के लिए नगर परिषद अमला चाहकर भी काम नहीं कर पाता है। ऐसे में पहली बार सुखाडिय़ा सर्किल से मीरा चौक तक मुख्य नाले की मरम्मत कराने के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है। इसी तरह मीरा चौक से आरओबी तक तक नाला निर्माण पर 72 लाख रुपए, कोडा चोक से इंदिरा चौक तक नाले की मरम्मत पर 58 लाख 28 हजार रुपए का बजट खर्च करने के लिए निविदा मांगी है। इन नालों के निर्माण और मरम्मत से पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

यहां यहां हटाए गए थे कब्जे
- सभापति अजय चांडक आवास रोड
- पूर्व मंत्री राध्ेाश्याम गंगानगर आवास रोड
- लक्कडमंंडी टी प्वाइंट से बीरबल चौक तक
- दुर्गा मंदिर की मुख्य रोड
- बीरबल चौक से सुखाडिय़ा सर्किल तक
- स्वामी दयानंद मार्ग
- करणी मार्ग
- रवीन्द्र पथ पर चन्द्रलोक ढाबे से गणगौरनगर तक
- आकाश टेलीकॉम से गुप्ता बाल भारती स्कूल तक
- पब्लिक पार्क की मुख्य रोड
-जस्साङ्क्षसह रामगढिय़ा मार्ग
- कचहरी रोड
- रेलवे स्टेशन से गंगासिंह चौक तक स्टेशन रोड


अभियंताओं से मांगी जाएगी रिपोर्ट
यह सही है कि राज्य सरकार ने यह बजट उन इलाके के लिए दिया है जहां अतिक्रमण हटाने के उपरांत नालों को शिफ्ट और सड़कों का सुधार करना था। इस आधार पर यह बजट खर्च किया जाना है। इसके बावजूद अभियंताओं ने अतिक्रमण हटाए गए मार्गो को शामिल करने की बजाय अन्यत्र वार्डो या मोहल्लों में निर्माण कार्य करने के संबंध में निविदा जारी करवाई है तो यह गंभीर बात है। इस संबंध में निर्माण शाखा के अभियंताअेां से रिपोर्ट मांगी जाएगी।
- लाजपत बिश्नोई, कार्यवाहक आयुक्त नगर परिषद।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.