Breaking News
recent

प्रधानाचार्य का तबादला, स्कूल पर जड़ा ताला

सिकंदरा. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोठडा में प्रधानाचार्य का तबादला होने पर ग्रामीणों व विद्याथियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे शिक्षा अधिकारियों से ग्रामीणों ने प्रधानाचार्य का तबादला निरस्त नहीं होने तक स्कूल में पढ़ाई का बहिष्कार की चेतावनी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात को उच्च उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। बाद में सदर थाना से पहुंची पुलिस ने स्कूल का ताला खुलवाया।

 


जानकारी के अनुसार एक माह पूर्व स्कूल के प्रधानाचार्य लक्ष्मणप्रसाद बैरवा का तबादला जालोर हो गया। 29 मई को लक्ष्मणप्रसाद बैरवा स्कूल से रिलीव हो गए। सुरेशचंद महावर ने स्कूल में प्रधानाचार्य का कार्यभार संभाल लिया।

 


सोमवार सुबह 11 बजे दर्जनों की संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने मिलकर स्कूल के ताला जड़ दिया। प्रधानाचार्य लक्ष्मण प्रसाद बैरवा को फिर से स्कूल में लगाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षक व कुछ विद्यार्थी स्कूल परिसर के अंदर रहे गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के मुख्य द्वार पर जमा हो गए।

 

सूचना पर एडीईओ डॉ. मनीषा शर्मा व एडीपीसी सुशीलकुमार शर्मा, भाण्डारेज स्कूल के प्रधानाचार्य ब्रजेश शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस की सहायता से स्कूल का मुख्य द्वार खुलवाया। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक प्रधानाचार्य का तबादला निरस्त नहीं किया जाएगा, तब तक स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा पढ़ाई का बहिष्कार रहेगा।

 

लालसोट. रायमलपुरा गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मेें एक शिक्षक के तबादले से नाराज ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने सोमवार को विद्यालय में प्रदर्शन कर सामूहिक टीसी के लिए प्रधानाध्यापक को आवदेन थमा दिए। जानकारी के अनुसार विद्यालय में गणित विषय के अध्यापक सांवलराम मीना का गत दिनों ने शिक्षा विभाग ने महुवा उपखण्ड क्षेत्र में तबादला कर दिया। इससे नाराज दर्जनों ग्रामीण सुबह विद्यालय पहुंच गए और विद्यार्थियों के साथ नारे लगाकर प्रदर्शन किया।

 

एसएमसी अध्यक्ष हरसहाय मीना, कालूराम, जगदीश, अर्जुन, विश्राम, चिंरजी, नरसी, कल्याण, पुखराज, कजोड़, लल्लू, पुखराज, दिनेश एवं प्रहलाद समेत कई ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को सभी विद्यार्थियों की ओर से सामूहिक टीसी के आवेदन थमाते हुए कहा कि विद्यालय में दो अध्यापकों के पद रिक्त है और अब गणित विषय के अध्यापक का भी तबादला कर दिया। इससे बालकों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अध्यापक का तबादला निरस्त होने और दो रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। बाद में पीईईओ भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करते हुए भरोसा दिया कि वे मामले की जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को देंगे। (नि.प्र.)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.