हिण्डौनसिटी. कृषि विभाग की ओर से शनिवार को पंचायत समिति क्षेत्र के गढ़ी पट्टी गांव में आयोजित हुए कृषक प्रशिक्षण शिविर में कृषकों को खेती से आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए गए। आत्मा परियोजना अंतर्गत उद्यान विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र और पशुपालन विभाग के समन्वय के तहत आयोजित शिविर में सैकड़ों महिला-पुरुष किसानों ने भाग लिया।
आत्मा परियोजना के निदेशक एवं कृषि विभाग के उपनिदेशक टीके जोशी ने कृषकों को बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार महत्वाकांक्षी जिलों के तहत चयनित करौली जिले के 25 गांवों में महिला-पुरुष कृषक प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर कृषकों को आय दुगनी करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। कृषकों की आमदनी वर्ष2022 तक दुगनी करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि कृषक खेती की लागत में कमी कर, फसलों अथवा पशुओं की उत्पादकता में वृद्धि कर, भूमि, जल आदि साधनों का दक्षतापूर्वक उपयोग कर, फसल उत्पादन के साथ बागबानी, डेयरी, मधुमक्खी पालन, मूल्य संवर्धन कर आय दुगनी कर सकते हैं।
इसी संबंध में कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने कृषकों को आवश्यक जानकारियां दीं। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक रामलाल जाट ने विभाग की ओर से देय अनुदान के बारे में विस्तार से बताया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. रूपसिंह गुर्जर ने फसलों में लगने वाले कीट रोग के रोकथाम के उपाय बताए।
पशुपालन विभाग के चिकित्सक ने पशु बीमा, कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं में होने वाले रोग व उनके रोकथाम के उपायों के बारे में बताया। इस मौके पर प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी हुआ, जिसके विजेता किसानों को पुरस्कृत किया गया। प्रशिक्षण शिविर में सहायक कृषि अधिकारी सुरेश जिन्दल, कृषि पर्यवेक्षक तरूण बेनीवाल, ओमेन्द्र बेनीवाल आदि उपस्थित थे।
लगाया तिलक, पहनाई माला
जटनंगला(सूरौठ). जटनंगला गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नवप्रवेशित बच्चों का स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य एमडी भावना ने बताया कि इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (मा.) रामखिलाड़ी मीणा, रमसा के कार्यक्रम अधिकारी गोविन्दसिंह सैगर तथा सहायक लेखा अधिकारी अमृतलाल मीणा विशेष रूप से उपस्थित थे। शिक्षा अधिकारियों ने नवप्रवेशित बालकों को तिलक लगा व माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही सरकारी विद्यालयों की सुविधाओं की जानकारी दी।





No comments:
Post a Comment