जैसलमेर। आसमान से बरसते अंगारों ने प्रदेश को झुलसा रखा था। इसी बीच पिछले दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश ने लोगों को राहत दिलाई है। मौसम विभाग ने भी साफ किया है कि मानसून जल्द ही राजस्थान में प्रवेश करेगा। प्रदेशवासियों को मानसून के लिए अब लम्बा इंतजार नहीं करना होगा। वहीं राज्य के सरहदी जिले जैसलमेर में एक बार फिर अंगारे बरसाने वाली भीषण गर्मी का अहसास शुरू हो गया। दिन की शुरूआत के साथ शुरू हुआ गर्मी का दौर दोपहर में भीषण हो गया और आमजन का बाहर निकलना दूभर हो गया।
सोमवार सुबह से गर्मी की भीषणता ने अपना रुप दिखाना शुरू कर दिया है। ज्यों-ज्यों दिन चढऩे लगा त्यों-त्यों उमस व चिलचिलाती धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर में हालात यह रहे कि सडक़ों पर चलना दूभर हो गया और आसमान से अंगारे बरसने का अहसास होने लगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुरे हाल
जैसलमेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी व उमस के चलते ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, वहीं पशुधन भी बेहाल नजर आ रहा है। दोपहर में छायादार स्थलों पर पशुधन को विश्राम करते देखा जा सकता है। भीषण गर्मी के साथ ही गांवों में चल रही पेयजल किल्लत ने लोगों की परेशानियों बढ़ा दी है। ऐसे में ग्रामीणों को महंगे दामों में पानी खरीदना मजबूरी बना गया है।
प्री मानसून सक्रिय
प्रदेश में अब Pre-Monsoon बारिश का दौर सक्रिय हो रहा है। सोमवार को कोटपूतली के पास पावटा में तेज अंधड के साथ बारिश हुई। अलवर में भी आज इंद्रदेव की मेहरबानी से जमकर आधा घंटे तक बारिश होती रही। बारिश से मौसम भी खुशनुमा ओर सुहावना हो गया बारिश से किसानों के चहरे पर भी खुशी देखी जा रही है।
28—29 जून को पूर्वोत्तर इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आगामी 28— 29 जून को पूर्वोत्तर इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। सुस्त पड़ा Monsoon शनिवार से फिर सक्रिय हो गया है। यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटे में यह मध्य और उत्तर भारत तक पहुंच जाएगा। अब तक देश के 25 फीसद से कम हिस्से में सामान्य या अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि देश में समग्र तौर पर सामान्य से 10 फीसद कम बारिश दर्ज हुई है। दक्षिण पश्चिमी मानसून मुंबई से आगे खिसक कर गुजरात की ओर बढ़ गया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी अरब सागर क्षेत्र समेत मानसून पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अगले 48 घंटे में महाराष्ट्र के शेष भाग, ओडिशा, पूरे गुजरात राज्य समेत छत्तीसगढ़, बिहार और मध्यप्रदेश के शेष इलाकों में सक्रिय हो जाएगा। इस बार बार मानसून ने एक जून की सामान्य तिथि की बजाय तीन दिन पहले 29 मई को ही केरल में दस्तक दे दी थी। लेकिन दिल्ली में मानसून तय तिथि 29 जून को दस्तक दे देगा।
पश्चिमी हवाएं डाल रही मानसून में बाधा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश मे लगातार पश्चिमी हवाएं चल रही हैं जिसके कारण बादलों की आवाजाही के बावजूद मेघ मायूस कर लौट रहे हैं। प्रदेश में दक्षिण पश्चिमी या पूर्वी हवाएं चलने पर अगले दो तीन दिनों में मानसून पूर्व बारिश का दौर पूरी तरह सक्रिय होने व पूर्वी इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी स्थानीय मौसम केंद्र ने दी है।
जयपुर में छितराई बौछारें
राजधानी में बीती शाम से बादल छाए लेकिन देररात हुई छितराई बौछारों ने गर्मी के तेवर नर्म कर दिए। देररात हुई बौछारों से शहर के तापमान में करीब पांच डिग्री गिरावट आई और आज न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ वहीं आज सुबह शहर बादलों के साथ सूर्यदेव की लुकाछिपी चलती रही। आज सुबह नौ बजे शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। स्थानीय मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आज बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ बौछारें गिरने की संभावना है।
भीग गए प्रदेश के करीब करीब सभी इलाके
वहीं सोमवार को प्रदेश में करीब करीब सभी इलाके बारिश की बूंदों से तर हुए। राजस्थान के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बरसात का दौर जारी है। राजस्थान में डूंगरपुर, चूरू, सवाईमाधोपुर, झालावाड़ के साथ आस पास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गर्मी से राहत मिली।
डूँगरपुर में बारिश के साथ बत्ती गुल
शहर सहित जिले भर में सोमवार शाम को मौसम अचानक पलट गया और आसमान में काले बादल छा गए। शाम करीब 6 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ जो जारी है। जिले भर में कही सामान्य तो कही तेज बारिश का दौर रहा। अधिकांश क्षेत्र में खेत पानी से लबा लब हुए। बारिश शुरू होते ही विद्युत विभाग की पोल सामने आ गई है। आये दिन रखरखाव के नाम कटौती की जा रही थी लेकिन बारिस का दौर शुरू होते ही बिजली गुल हो गई है।
चूरू में बारिश से खिले किसानों के चेहरे
प्रदेश के चूरू जिलें में हल्की बारिश ने ही लोगो को गर्मी से निजात दिलाई। उमस भरी गर्मी के बाद सोमवार को शाम बारिश शुरू हुई। बारिश ने लोगों को भारी राहत दी। आम तौर पर गुलजार रहने वाले बाजार बारिश की वजह से खाली नजर आए। वही बारिश के कारण किसानों के चेहरे खिल गए। कस्बे में हल्की बारिश होने के बावजूद भी आथुणा बाजार, सब्जी मण्डी, बस स्टैण्ड रोड़, शिव मार्केट सहित नीचले इलाकों में पानी भर गया जिसके कारण आवागमन बाधित हुआ।
झालावाड़ में रिमझिम बारिश का दौर
झालावाड़ कस्बे में करीब 3:30 बजे बाद मौसम पलटने से तेज बारिश हुई। जिले में बारिश दौर करीब आधे घंटे तक चला। कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में सोमवार को दिनभर की तेज गर्मी व उमस के बाद दोपहर बाद तेज हवा व गर्जना के साथ मुसलादार बारिश शुरू हो गई। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश शुरू होते हो बिजली भी चली गई। वही क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों के चहरे खिल गए।
सवाईमाधोपुर में इंद्रदेव मेहरबान
दिनभर की उमस व गर्मी के बाद सवाईमाधोपुर जिले में शाम को इंद्रदेव मेहरबान हुए। यहां भी तेज बारिश के साथ मध्यम दर्जे की बारिश शरू हुई। कुछ देर बाद बारिश ने गति पकड़ी और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गयी। इससे लोगो को गर्मी से राहत मिली। देर शाम तक झमाझम बारिश का दौर जारी। बारिश से सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदेश चल रहे बारिश के दौर के चलते हुए मौसम विभाग ने राजस्थान में अगले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। आपको बता दें कि प्रदेश में रविवार से ही बारिश का दौर जारी है।





No comments:
Post a Comment