Breaking News
recent

ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत



चित्तौडग़ढ़ जिले के डूंगला क्षेत्र में मोरवन व मंगलवाड़ के बीच शनिवार रात ट्रेेलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना में मृ़तकों के शव क्षत-विक्षत हो गए। तीनों शव को डूंगला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के मुर्दाघर में रखवाया गया है। हादसे की सूचना से मृतकों के गांव आरामपुरा में शोक की लहर दौड़ गई। लोग उन परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए जो इन युवकों के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक को पकडऩे के लिए नाकेबंदी भी कराई है।
मोरवन व मंगलवाड़ के बीच दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंगलवाड़ थाना प्रभारी योगेश चौहान पुलिस जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे और शवों को डूंगला सीएचसी के लिए रवाना किया। एक मृतक के मोबाइल से की गई कॉल वाले नंबर पर पुलिस ने फोन किया तो उसकी पहचान आरामपुरा निवासी कैलाश (२३) पुत्र अमरचंद भील के रूप में हुई। बाद में शेष दो मृतकों की शिनाख्त आरामपुरा निवासी मांगीलाल (१८) पुत्र रामलाल भील व लक्ष्मण (१५) पुत्र प्रथू भील के रूप में की गई। ये तीनों शनिमहाराज व आवरीमाता होकर मोटरसाइकिल पर अपने गांव जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर बड़ीसादड़ी पुलिस उप अधीक्षक दिनेश राजोरा, भी मौके पर पहुंचे। ट्रेलर चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। शवों का पोस्टमार्टम रविवार को सुबह कराया जाएगा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सायं करीब सात बजे मोरवन से मंगलवाड़ के बीच पुराने टोल नाके पर एक ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया जिससे बाइक पर सवार तीन जनों की मौके पर ही मौत हो गई व शव बुरी तरह से क्षत विक्षत हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक ट्रेलर सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने नाकाबन्दी भी करवाई है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

 

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.