बामनवास. जयपुर-गंगापुर सिटी मार्ग पर गुरुवार तड़के तीन बजे एक निजी बस पलट जाने से इसमें सवार ढाई दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से सात जनों की हालत खराब होने पर उनको मंडावरी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। बाकी घायलों का यहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के ग्वालियर सबलगढ़ से जयपुर जा रही निजी टे्रवल्स की बस तड़के तीन बजे डाबर के निकट ताजपुरा मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आस-पास के घरों से लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रशासनिक अधिकारी रहे नदारद
नेशनल हाइवे 11-बी पर तड़के तीन बजे इतना बड़ा हादसा हो जाने के बावजूद कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना था कि उपखण्ड मुख्यालय से महज 15 किमी दूरी पर ही हादसा हो जाने के बाद भी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचना उचित नहीं समझा।
तबीयत बिगडऩे से महिला की मौत
खण्डार. कस्बे के चौपना मोहल्ले में अचानक तबीयत बिगडऩे से एक महिला की मौत हो गई। चौपना मोहल्ला निवासी धोड़ी देवी पत्नी हनुमान माली खेत पर काम कर रही थी। इसके बाद खेत में एक तरफ बने झपरे में सो गई। सास ने उसे अचेत देखा तो तुरन्त सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना का मामला दर्ज
मलारना डूंगर. खण्डार थाना अंतर्गत गोठ बिहारी निवासी कमलेश पुत्र रामप्रसाद माली ने लोडिंग वाहन चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। हैड कांस्टेबल लालचन्द ने बताया कि 17 जून को पीडि़त का भाई देवीशंकर व मामा का लड़का जीतू तथा हरिकिशन बाइक से भूरीपहाड़ी के रास्ते रणथम्भौर गणेशजी के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में एक लोडिंग वाहन चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी।





No comments:
Post a Comment