Breaking News
recent

ऊंट के मुंह में जीरे के समान बजट

हनुमानगढ़.

जिले में कर्जमाफी को लेकर शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें ऋण माफी के प्रमाण पत्र भी किसानों को जारी किए जा रहे हैं। लेकिन केंद्रीय सहकारी बैंकों के लिए कर्जमाफी के साथ ऋण वितरण का कार्य सिरदर्द बना हुआ है। जिले में चार जून से कर्जमाफी का कार्य शुरू किया गया। इसके तहत पहले बैंक प्रबंधन ने एक दिन में दस जगह शिविर लगाकर कर्जमाफी के प्रमाण पत्र जारी करने की योजना बनाई। लेकिन केवल 19 करोड़ का बजट उपलब्ध होने के कारण बैंक प्रबंधन को अपना यह निर्णय बदलना पड़ा।


ऐसे में बैंक प्रबंधन ने एक दिन में एक ही जगह पर शिविर लगाने का निर्णय लिया। हलांकि एक पखवाड़े बाद अब 19 करोड़ का बजट फिर मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने शिविरों की संख्या बढ़ाने की बात कही है। इससे कर्जमाफी कार्य में तेजी आने की संभावना है। केंद्रीय सहकारी बैंक हनुमानगढ़ से जुड़े 104800 किसान कर्जमाफी के दायरे में आ रहे हैं। जिनका सरकार 50-50 हजार का कर्जमाफ कर रही है। इन किसानों का कर्जमाफ करने के लिए बैंक प्रबंधन ने सरकार से 248 करोड़ की मांग की है। इसके तहत अभी तक बैंक को 38 करोड़ रुपए मिले हैं। मांग के अनुसार बजट आंवटन के बाद ही कर्जमाफी शिविर में तेजी आने की संभावना है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि कई चरणों में कर्जमाफी का काम हो रहा है। चरणबद्ध तरीके से काम हो रहे हैं। कर्जमाफी को लेकर जो दिशा-निर्देश मिले हैं, उसके अनुसार शिविर लगाकर किसानों को राहत दे रहे हैं।

ऋण माफी के बाद जमा करवानी होगी शेष राशि
नोहर.

राजस्थान फसली ऋण माफी योजना के तहत पचास हजार रुपए से अधिक ऋणी कृषकों को शेष रकम जमा करवानी होगी। राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक विद्याधर गोदारा की ओर से जारी पत्र में उक्त विषय में स्पष्ट किया गया है कि ऋणी कृषक 30 जून तक माफी योग्य ऋण राशि के बाद शेष बकाया राशि बैंक में जमा करवाएगा। ऐसा नहीं होने पर कृषक को पुन: साख सुविधा प्राप्त करने से वंचित कर दिया जाएगा।


यहां हड़ताल की चेतावनी
जिले में लग रहे कर्जमाफी शिविर के बीच यूनाइटेड फोरम ऑफ कॉपरेटिव बैंक यूनियन के तत्वावधान में 25 व 26 जून को प्रदेश के 29 सीसीबी में हड़ताल करने की चेतावनी दी गई है। शीघ्र द्विपक्षीय वार्ता कर 15 वां वेतन समझौता लागू करने, वेतन में सम्मानजनक बढ़ोतरी के साथ ही अन्य सेवा शर्तों व सुविधाओं में सुधार करने की मांग को लेकर सहकारी बैंक के अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल करने जा रहे हैं। हड़ताल को ऑल राजस्थान कॉपरेटिव बैंक एम्पलाइज यूनियन, ऑल राजस्थान कॉपरेटिव बैंक ऑफिसर्स यूनियन, राजस्थान सहकारी बैंक कर्मचारी संघ, अखिल राजस्थान सहकारी बैंक अधिकारी एसोसिएशन, सहकारी बैंक कर्मचारी प्रगतिशील संगठन व सहकारी बैंक अधिकारी प्रगतिशील संगठन का समर्थन प्राप्त है।

बढ़ाएंगे शिविरों की संख्या
कर्जमाफी के लिए ग्राम सेवा सहकारी स्तर पर शिविर लगा रहे हैं। हड़ताल के कारण इसे प्रभावित नहीं होने देंगे। अब तक दो किश्तों में 38 करोड़ रुपए हनुमानगढ़ को मिल चुके हैं। बजट आवंटन के बाद शिविरों की संख्या भी बढ़ाने जा रहे हैं। सभी किसानों का कर्जमाफ करने के लिए हमने 248 करोड़ की डिमांड सरकार से की है।
भूपेंद्र सिंह ज्याणी, एमडी, केंद्रीय सहकारी बैंक हनुमानगढ़



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.