नैनवां. गंभीरा गांव के मीणा का झोंपड़ा में मंगलवार शाम को 11 केवी हाइटेंशन विद्युत लाइन का करंट घरेलू कनेक्शनों की एलटी विद्युत लाइन में उतर जाने से दस विद्युत उपभोक्ताओं के घरों में इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। विद्युत फिटिंग सहित एलटी लाइन की केबल भी जल गई। उपकरण जलने की तेज आवाजों व घरों से उठे धुएं से लोग अचानक दहशत में आ गए।
विद्युत निगम के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार शाम को गांव में लगा ट्रांसफार्मर अचानक फेल हो जाने से 11 केवी विद्युत लाइन का करंट मकानों में उतर गया। इससे उपभोक्ता रामप्रसाद, भजनलाल, बलराम, गोपीलाल, कंवरपाल, प्रेमशंकर, मुरली, आत्माराम, श्योपाल व प्रभुलाल के घरों की विद्युत फिटिंग, इलेक्ट्रोनिक उपकरण जल गए। रामप्रसाद व कवंरपाल ने बताया कि फ्रिज, कूलर, पंखें, वाशिंग मशीनें, एलईडी, टीवी करंट की भेंट चढ़ गए।
विद्युत निगम के सहायक अभियंता केसी सैनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर फेल हो जाने से हाइटेशन लाइन का करंट एलटी लाइन में उतर गया था। उपभोक्ताओं के घरों में हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे करने वाले लाइनमैन हनुमान सैनी ने बताया कि सर्वे में उपभोक्ताओं के तीन लाख से अधिक के सामान जले है। रिपोर्ट सहायक अभियंता को दी जाएगी।
बिजली का तार टूटा, ग्रामीणों में मची दहशत
झालीजी का बराना. कस्बे के आरओ प्लांट के लिए डाली गई ११ केवी लाइन का तार बुधवार सुबह टूट गया। इससे दर्जनों घरों के बिजली उपकरण जल गए। सरपंच बुद्धिप्रकाश गोचर ने बताया कि तार टूटने से अशोक बागला की बैट्री, कूलर, लक्ष्मण माली का कूलर, रामकिशन गुर्जर का कूलर व पंखा, रामविलास का पंखा जल गया।
इससे लोगों में दहशत व्याप्त हो गया। कुछ समय के लिए हडक़म्प मच गया। उपकरण जलने से लोगों को काफी नुकसान हुआ है। लोगों ने काफी रोष जताया है। ग्रामीणों ने निगम को सूचना देकर बिजली बंद करवाई। बाद में कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर लाइन को दुरस्त कर बिजली सुचारू की।





No comments:
Post a Comment