नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में उतार-चढ़ाव के बीच डॉलर की तुलना में रुपए में भारी गिरावट के कारण शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 80 रुपए चमककर एक सप्ताह से ज्यादा के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। पीली धातु में लगातार चौथे दिन तेजी देखी गई। वहीं चांदी गत दिवस के 41,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपए में शुक्रवार को दोपहर बाद के कारोबार तक 50 पैसे की गिरावट रही। इससे स्थानीय स्तर पर सोने के दाम बढ़े हैं।
रुपए में कमजोरी से चढ़े पीली धातु के दाम
सोना मुख्य रूप से आयात किया जाता है जिसका भुगतान डॉलर में होता है इसलिए रुपए में कमजोरी से इसकी कीमत चढ़ जाती है। विदेशी बाजारों में आरंभ में पीली धातु पर दबाव रहा, लेकिन बाद में उनमें चमक लौट आई। सोना हाजिर 1.65 डॉलर की बढ़त में 1,298.25 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा 0.70 डॉलर की तेजी के साथ 1,302.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि जी-7 की बैठक और अमरीकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर अगले सप्ताह होने वाली बैठक से पहले निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि फेड ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की गिरावट के साथ 16.66 डॉलर प्रति औंस बिकी।
स्थानीय बाजार में सोने की मांग सुस्त
स्थानीय बाजार में सोने की मांग सुस्त बनी हुई है। इसके बावजूद रुपए में आई गिरावट से इसमें तेजी रही। सोना स्टैंडर्ड 80 रुपए की तेजी में 31 मई के बाद के उच्चतम स्तर 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर 120 रुपए की बढ़त में 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर स्थिर रही। चांदी हाजिर 41,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। यह 31 मई के बाद का इसका भी उच्चतम स्तर है। चांदी वायदा 345 रुपए चमककर 40,370 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,950
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,800
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 41,000
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 40,370
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :77,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800





No comments:
Post a Comment