- ईडी की 6 टीमें जयपुर से पहुंचीं बाड़मेर
- कू्रड ऑयल चोरी के मुख्य आरोपी के प्रतिष्ठानों पर सर्च अभियान
बाड़मेर. मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल (एमपीटी) क्षेत्र के कुओं से निकलने वाले कू्रड ऑयल की चोरी के मामले में अर्थशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की प्रोपर्टी व अन्य प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की 6 अलग-अलग टीमों ने बुधवार को पूरे दिन सर्च अभियान चलाया। बाड़मेर पुलिस ने करीब एक साल पहले कू्रड ऑयल चोरी के मामले का खुलासा किया था। इसके बाद मामले की जांच एसओजी व एटीएस को सौंप दी गई थी।
प्रवर्तन निदेशालय जयपुर के सहायक निदेशक आरके शर्मा के निर्देशन में 6 टीमें बुधवार को बाड़मेर पहुंचीं। यहां कू्रड ऑयल चोरी में मुख्य आरोपी भूरसिंह व गौतमसिंह के प्रतिष्ठानों व उनके घर पर अचानक दलबल के साथ दबिश दी गई। यहां अलग-अलग ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान जमीन खरीद व प्रतिष्ठान से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। ईडी के अधिकारी जांच कर रहे हंै कि कू्रड ऑयल चोरी कर आरोपियों ने कितनी सम्पत्ति खरीदी और चोरी का पैसा कहां खर्च किया। सहायक निदेशक ने बताया कि कू्रड ऑयल चोरी के मामले की जांच के सिलसिले में टीमें बाड़मेर आई हैं।
28 अधिकारी थे शामिल
प्रवर्तन निदेशालय की टीमों में शमिल 28 अधिकारियों ने पचपदरा व महाबार चौराहे पर स्थित आरोपी भूरसिंह व उसके भाइयों के प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। यहां उन्होंने दिनभर जांच पड़ताल कर दस्तावेज सीज किए। दस्तावेज के बस्ते व सूची तैयार की गई है।
यह था मामला
जुलाई 2017 में बाड़मेर पुलिस ने क्रूड ऑयल चोरी के बड़े मामले का खुलासा किया था। इसमें पुलिस ने प्रतिवर्ष 11 करोड़ का क्रूड चोरी होने की बात कही थी। इसमें 100 से ज्यादा नामजद आरोपी थे। बाड़मेर से चोरी करने के बाद आरोपी क्रूड ऑयल को राजस्थान के अलावा अन्य प्रदेशों को भेजते थे। इस मामले को लेकर जांच प्रक्रियाधीन है।





No comments:
Post a Comment