Breaking News
recent

मानसून आने से पहले हुई तबादलों की बारिश, शेखावाटी में एक साथ एक हजार शिक्षक इधर-उधर

सीकर.

राज्य सरकार ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक सीकर, चूरू व झुंझुनूं के 1039 शिक्षकों को मनचाहे स्कूल में पढ़ाने की सौगात मिली है। वर्षों से दूसरे जिलों में रह रहे शिक्षकों को अपने गृह जिलों में आने का अवसर मिला है। वहीं काफी संख्या में शिक्षकों को अपने ही जिले में मनचाहे स्कूल मिले हैं।

विभाग की ओर से जारी सूची के मुताबिक सबसे अधिक 399 तबादले चूरू जिले में हुए है। इसके अलावा सीकर में 334 व झुंझुनूं में 306 अध्यापकों के तबादले हुए हैं। चूरू में हुए कुल 399 में से 237 अध्यापक दूसरे जिलों से स्थानांतरित होकर चूरू आए हैं। शेष 162 को चूरू जिले में ही अभिशंसा के मुताबिक इधर-उधर कर राहत दी गई है। इसी प्रकार झुंझुनूं जिले में हुए 306 में से 215 अध्यापक दूसरे जिलों से स्थानांतरित होकर आए हैं।

प्रतिबंधित जिलों से भी आए शिक्षक

चुनावी वर्ष में किए गए तबादलों में बीकानेर , बांसवाड़ा, डूंगरपुर, बाड़मेर, जैसलमेर , बारां, जालौर, सिरोही, झालावाड़ व प्रतापगढ़ आदि प्रतिबंधित जिलों में रह रहे अध्यापकों को भी राहत दी गई है। सूची के मुताबिक चूरू जिले में प्रतिबंधित जिलों से 79 अध्यापकों की घर वापसी हुई है। इनमें से अनेक अध्यापक ऐसे हैं जो वर्षों पहले हुई ज्वाइनिंग के बाद से प्रतिबंधित जिलों में नियुक्ति का दंश झेल रहे थे। गौरतलब है कि प्रतिबंधित जिलों से तबादले वर्षों बाद किए गए हैं।

कहीं खुशी, कहीं मायूसी का रहा माहौल
तबादला सूची जारी होने के साथ ही शिक्षकों के घरों में कहीं दूसरे जिलों से घर वापसी को लेकर तो कहीं अपने जिले में ही मनपसंद स्कूल मिलने को लेकर खुशी का माहौल रहा। वहीं क्षेत्र के वर्तमान विधायकों व जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों के माध्यम से अभिशंसा करवाने के बावजूद तबादला नहीं होने को लेकर अनेेक शिक्षकों के चेहरों पर मायूसी छा गई। सरकार की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक सीकर, चूरू व झुंझुनूं को 1039 शिक्षकों के तबादले हुए हैं। इन जिलों से शिक्षकों के अन्य स्थानों पर भी तबादले किए गए हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.