Breaking News
recent

सैनी समाज के महासम्मेलन में उमड़ा जन सैलाब


बांदीकुई/गुल्लाना.

सैनी (माली) सामाजिक उत्थान समिति के तत्वावधान में बुधवार को केसरीसिंहपुरा में आयोजित हुए महासम्मेलन में हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इसमें युवा बोर्ड अध्यक्ष भूपेन्द्र सैनी ने कहा कि सैनी समाज सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला समाज है। रोजगारोन्मुखी शिक्षा की ओर भी समाज को उन्मुख होना होगा। दौसा जिले के बांदीकुई से सम्मेलन की जो शुरुआत हुई है। ऐसे सम्मेलन पांचों तहसील क्षेत्रों में कर समाज की ताकत दिखानी होगी। पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री रामकिशोर सैनी ने कहा कि सम्मेलन में लिए गए निर्णयों की पालना हो। समाज से बढ़कर कोई नहीं है। समाज को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों से सावचेत रहना होगा। युवा नेता भागचंद टांकड़ा ने कहा कि जिला मुख्यालय पर बनाए गए छात्रावास की तर्ज पर तहसील मुख्यालय पर भी छात्रावास बनाया जाए। उन्होंने छात्रावास निर्माण के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। समारोह में पूर्व प्रधान सावित्री सैनी लालसोट, बिंदरीचंद सिंगोदिया, ज्योतिबा फूले संस्थान प्रदेशाध्यक्ष मांगीलाल पवार, शंकरलाल सैनी, जिलाध्यक्ष कैलाशचंद सैनी, महासचिव गिरधारीलाल सैनी, माली महासभा गुलाब गहलोत, माली महासभा के भगवानसहाय सैनी, छुटटनलाल, मांगीलाल सेनी, राहुल तंवर, समाज कल्याण बोर्ड सदस्य सुनीता सैनी, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष भवाना सैनी, रेणू कटारिया ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालन रामकरण सैनी ने किया। केसरीसिंहपुरा सरपंच बदरीप्रसाद सैनी ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया।


समाज के विकास एवं उत्थान पर दिया बल
सम्मेलन में दहेज प्रथा, बाल विवाह, डीजे, मृत्युभोज एवं चिठठी फाडऩे जैसी कुरीतियों को बंद करने का निर्णय किया। समाज की राजनीतिक एकता, एकजुटता, शिक्षा, रोजगारोन्मुखी शिक्षा, असहाय एवं निर्धन बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने, ओबीसी आरक्षण का वर्गीकरण किए जाने, नशा मुक्ति, छात्रावास निर्माण, बालिकाओं को स्कूटी एवं छात्रवृत्ति के लिए ज्योतिबा फुले बोर्ड का गठन किए जाने की मांग उठाई। आने वाले विधानसभा चुनाव में दोनों ही राजनीतिक दलों से सैनी समाज के लोगों को अधिक प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई।

लोगों ने कहा कि जो पार्टी समाज के व्यक्तियों को अधिक प्रत्याशी बनाएगी। समाज उसी पार्टी को वोट देगा। सम्मेलन में बीकानेर, नागौर, सीकर, झुंझूनू, अजमेर, करौली, अलवर, राजगढ़, जयपुर, सवाईमाधोपुर, दौसा, लालसोट, महुवा एवं सिकराय क्षेत्र से सैनी समाज के लोगों ने शिरकत की। सुबह 8 बजे से ही सैनी समाज के लोगों का दुपहिया, चौपहिया, बस एवं जीपों से कार्यक्रम स्थल पहुंचना शुरू हो गया। जहां दोपहर को पाण्डाल पूरी तरह खचाखच भर गया। समाज के लोगों ने पंगत लगाकर प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर डॉ.मोतीलाल सैनी, जिला परिषद सदस्य महेश सैनी, ऊनबड़ा गांव सरपंच मलखान सैनी, छोटेलाल गुढ़ाकटला, रमेशचंद हिंगोटा सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।


भामाशाह एवं प्रतिभाओं का किया सम्मान
सम्मेलन में छात्रावास निर्माण में आर्थिक सहयोग करने वाले भामाशाह, राजकीय सेवा में चयनित एवं समाज की अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। करीब पांच घण्टे तक चले इस सम्मेलन में फुले के जयघोषों से समूचा वातावरण गुंजायमान रहा।





Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.