Breaking News
recent

खेलते-कूदते लौट रहे थे घर, करंट ने छीन ली दो मासूमों की जिंदगियां

बाड़मेर. बिजली के पोल को सीधा रखने वाले तार (ताण) में करंट चलने और दो मासूमों के इसके चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों बच्चे स्कूल के बाद खेलते-कूदते घर की तरफ लौट रहे थे। इस बीच करंट ने दोनों को लील लिया।

निकटवर्ती दूदाबेरी ग्राम पंचायत के सोखरू पनोणियों मेघवालों की ढाणी में रहने वाले दोनों बच्चे गुरुवार दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे।

इस बीच रास्ते में पोल से लगे तार के कारण करंट फैला था। चपेट में आने से हरीश (10) पुत्र दलाराम व उमाराम (8) पुत्र मंदराराम मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। बिशाला चौकी प्रभारी भंवरलाल विश्नोई ने बताया कि शाम को दोनों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

घर के कुछ दूरी पर आ गई मौत
दोनों छात्र स्कूल से लौटने के दौरान घर के बिल्कुल पास में ही थे। इस दौरान पोल के तार के आसपास करंट फैला था। अचानक चपेट में आने पर दोनों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। करंट से दोनों छात्रों को तड़पते देख साथ चल रहे छात्र भयभीत हो गए। उन्होंने दौड़कर परिजन को सूचना दी। बच्चों के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक दोनों की मौत हो गई।

लाइट कटवाने के लिए किए प्रयास
गांव में हादसे के बाद ग्रामीणों ने करंट की सूचना डिस्कॉम के लाइनमैन को दी। इसके बावजूद बिजली बंद नहीं की गई। इसके चलते काफी देर तक करंट चालू रहा। इसके चलते ग्रामीण बच्चों तक नहीं पहुंच पाए। ग्रामीणों का कहना है कि लाइनमैन लाइट बंद करने के लिए अधिकारियों के आदेश का इंतजार करता रहा। इसके बाद कनिष्ठ अभियंता को फोन करवा कर लाइट बंद करवाई गई।

एक ही परिवार से उठी मासूमों की अर्थियां
दोनो मृतक चचेरे भाई हैं। गुरुवार शाम को गमगीन माहौल में एक ही परिवार से मासूमों की अर्थियां एकसाथ उठने से हर किसी की आंख नम थी। मासूमों की मौत के बाद गांव में शोक के कारण घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

लापरवाही का मामला दर्ज
डिस्कॉम की लापरवाही के चलते हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। मृतक के परिजन ने डिस्कॉम कार्मिकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिशाला थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.