बाड़मेर. वायुसेना स्टेशन उत्तरलाई की विद्युत केबल लाइन एक दूरसंचार कंपनी की ओर से तोडऩे के बाद भी डिस्कॉम के अधिकारियों की ओर से सुनवाई नहीं होने पर उत्तरलाई वायुसेना स्टेशन की ओर से कड़ा एेतराज जनसुनवाई में जताया गया। सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान को लेकर गंभीर लापरवाही पर जिला कलक्टर भड़क गए और उन्होंने संबंधित के खिलाफ तत्काल चार्जशीट जारी करने का कहा।
वायुसेना स्टेशन उत्तरलाई में एक दूरसंचार कंपनी की ओर से उत्तरलाई में विद्युत केबल तोड़ दी गई। इससे वायुसेना स्टेशन में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। वायुसेना ने अपना इंतजाम करने के साथ ही इसकी जानकारी डिस्कॉम को दी। जनसुनवाई में पहुंचे वायुसैनिकों ने बताया कि
डिस्कॉम के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे है। इतनी बात सुन जिला कलक्टर भड़क गए। उन्होंने डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को फटकार लगाते हुए कहा कि यह क्या मामला है? इस पर डिस्कॉम के अधिकारी ने अपने अधीनस्थ अधिकारी को फोन पर सम्पर्क करने की कोशिश की लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इस पर कलक्टर ने कहा कि यह तो आपका फोन भी नहीं उठा रहे है। जनता का क्या भला करेंगे? उन्होंने कहा कि जिम्मेदार कार्मिक को चार्जशीट देकर उसकी वेतन वृद्धि रोकी जाए। अन्यथा आपकी वेतन वृद्धि रोक दूंगा। केबल तोडऩे वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाकर कॉपी शाम तक मुझे पहुंचा देना।
मामला दर्ज कर दिया है
तीन दिन पहले ही मामला दर्ज हो गया है। केबल ठीक कर दी गई है।
- मांगीलाल जाट, अधीक्षण अभियंता डिस्कॉम
...यहां कलक्टर रह गए दंग
निकटवर्ती महाबार के करणपुरा ढाणी निवासी एक बुजुर्ग पेयजल की समस्या लेकर पहुंचा। यहां उन्होंने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि साहब पानी नहीं आ रहा है? कितने साल हो गए। गर्मियों में जीना मुश्किल हो गया है। इस पर कलक्टर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल जलदाय विभाग के अधिकारी को तत्काल पेयजल की सुविधा करवाने के निर्देश दिए।
क्यो नहीं हटा रहे हो अतिक्रमण
निकटवर्ती मारूड़ी में सरकारी विभाग को आवंटित भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामले में जिला कलक्टर ने प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए अतिक्रमियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
यह भी मामले आए सामने
बूठिया में अवैध खनन रूकवाने के निर्देश दिए गए। जुडिय़ा में गोचर भूमि में अतिक्रमण कर बंद किए गए आम रास्ते को खुलवाने, केशरपुरा निवासी ग्रामीणों ने पाइप लाइन स्वीकृति, भीमथल में हैडपंप खुदवाने, विशाला ग्राम पंचायत में कार्यरत पटवारी को हटाने, पत्थर गढ़ी करवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभांवित करवाने, कादा नाडी के तुलसाराम ने जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करवाने,सेतराउ में गोचर भूमि पर अतिक्रमण एवं रोके गए आम रास्ते को खुलवाने समेत विभिन्न प्रकार की परिवेदनाएं प्रस्तुत की गई। जिला कलक्टर नकाते ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से इनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत चल रहे कार्र्यांे के प्रभावी पर्यवेक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





No comments:
Post a Comment