अलवर नगर परिषद की ओर से शनिवार को देहली दरवाजा बाहर अंडरग्रांउड कचरा पात्र लगाया गया। विदेशी तकनीक से बने कचरा पात्र की गहराई 10 फीट है। ये कचरा पात्र फिनलैंड से मंगवाए गए हैं। नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार अभी फिनलैंड से मंगवाए गए कचरा पात्र लगाने की शुरुआत की गई है। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो शहर में चिंहित स्थानों पर भी इसी तरह के कचरा पात्र लगाए जाएंगे। इससे कचरा सड़क पर नहीं फैलेगा। कचरा पात्र में कचरा अंदर चला जाएगा। जब सफाई का ट्रैक्टर कचरा उठाने आएगा तो कचरा अपने आप ऊपर आएगा और गाड़ी में चला जाएगा। गौरतलब है कि नगर परिषद की ओर से शहर में साफ सफाई के लिए हर बार नए- नए तरह के कचरा पात्र लगाए जाते हैं। इससे पूर्व लोहे, प्लास्टिक, सीमेंट के कचरा पात्र लगाए जा चुके हैं। कुछ समय पूर्व ही नगर परिषद ने नए कचरा पात्र खरीदकर शहर की सड़कों व चौराहों पर रखवाएं हैं लेकिन इसके बाद भी शहर की सफाई व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ।
घटिया सामग्री लगाने पर किया हंगामा
अलवर शहर में सीवरेज कनेक्शन कार्य में अनियमितता की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही। कुछ दिन पूर्व मालवीय नगर के नागरिकों ने सीवरेज कनेक्शन कार्य के दौरान कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। वहीं शनिवार को शांति कुंज के लोगों ने सीवरेज कनेक्शन कार्य में घटिया सामग्री काम में लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामा बढ़ता देख सीवरेज कनेक्शन कार्य से जुड़े कर्मचारी लोगों के हाथ जोड़ मामला शांत करने की गुहार करने लगे। बाद में नगर परिषद् के नेता प्रतिपक्ष नरेन्द्र मीणा ने मौके पर पहुंचकर कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मामले में शीघ्र जांच कराने की मांग की। वहीं तीन दिवस में कार्रवाई नहीं होने पर वार्ड के नागरिकों के साथ नगर परिषद् के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी। शांति कुंज निवासी राजेन्द्र पाल शर्मा ने बताया कि कनेक्शन कार्य में ठेकेदार कर्मी घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग कर रहे थे। उन्होंने ठेकदारकर्मियों पर सुविधा शुल्क मांगने का भी आरोप लगाया। नगर परिषद् आयुक्त को घटना की सूचना देने के लिए फोन किया तो उन्होंने फोन काट दिया। इस मौके पर अशोक भगवती, केप्टन शेरसिंह चौहान, सुधीर जैन, तृषाल, रामस्वरूप मामोडिया, केके शर्मा, विनोद शर्मा, बृजमोहन खण्डेलवाल, अशीष अग्रवाल, प्रदीप मिश्रा, जीजी रस्तोगी सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment