श्रीमाधोपुर . क्षेत्र में पेयजल और सीएचसी की विभिन्न समस्याओं को लेकर विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने सीएचसी और जलदाय विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नरेन्द्र सिंह महरोली की अगुआई में कार्यकर्ता पहले सीएचसी पहुंचे। जहां अस्पताल में नाइट ड्यूटी पर चिकित्सक लगाने और रेडियोलोजिस्ट नियुक्त करने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। बाद में कार्यकर्ता रैली के रूप में जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे। जहां कस्बे में बिगड़ी पेयजल सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग रखी गई। अपनी मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने यहां भी नारे लगाकर प्रदर्शन किया। काफी देर प्रदर्शन के बाद मामले में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान काफी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।
चला में गंदा पानी भराव से लोगों को परेशानी
चला. कस्बे के सेड मोहल्ला मुख्य सडक़ से मोहल्ला बढाढरा की ओर जाने वाले रास्ते में लोगों को गंदे पानी से जाना पड़ रहा है। पानी भराव की समस्या से मोहल्ला परेशान है। लोगों ने बताया कि इन्टरलॉकिंग निर्माण के दौरान ठेकेदार ने रास्ते के मुहाने के दोनों ओर बनी निकास नालियों को तोडकऱ रास्ते में गहरा गड्ढा कर छोड़ दिया है, जिससे कई माह से गंदे पानी भराव की समस्या है। यही नहीं गंदे पानी भराव के कारण घरों की नींव में पानी घुस गया है। लोगों ने सरपंच व सार्वजनिक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया। लोगों ने पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता आरके मीना से इन्टरलॉकिंग कार्य को जल्दी शुरू कराने की मांग की है। उधर सरपंच बीरबल काजला ने बताया कि यह कार्य पीडब्ल्यूडी के अधिकार क्षेत्र का मामला है। पंचायत की ओर से मोरम डलवाकर समस्या समाधान के लिए लोगों को आश्वस्त कर दिया है।
तेज अंधड़ से टूटे एक दर्जन से अधिक पोल
अजीतगढ़. कस्बे के बिजली निगम के सहायक अभियंता अंतर्गत आने वाले कुछ गांवों में शनिवार रात अचानक वर्षा के साथ तेज तूफान आने के कारण करीब एक दर्जन से अधिक विद्युत पोल टूट गए और कई पेड़ धराशायी हो गए। इससे बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। कनिष्ठ अभियंता मनोज मीणा ने बताया कि तेज हवाओं के कारण खटकड, किशोरपुरा, रायपुर जागीर सहित कई गांव तथा ढाणियों में लगे करीब 1 दर्जन से अधिक बिजली पोल टूट कर गिर गए। लोगों के टीन शेड उड़ गए। रविवार को दिनभर सप्लाई नहीं होने से लोग गर्मी में परेशान होते रहे। मीणा ने बताया कि कर्मचारी सुबह से ही बिजली सप्लाई दुरस्त करने में जुटे हंै। सहायक अभियंता भागीरथ शर्मा ने बताया कि कर्मचारी बिजली सप्लाई सुचारू करने में जुटे हुए हैं।





No comments:
Post a Comment