मंडार. गुजरात सीमा पर स्थित परिवहन विभाग के कर संग्रहण केन्द्र पर वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायत को लेकर एसीबी टीम ने बुधवार को छापा मारा। हालांकि, प्रारम्भिक तौर पर टीम को कोई खास हाथ नहीं लगा है, लेकिन टीम ने दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। सिरोही एसीबी उप अधीक्षक जितेन्द्रसिंह मेड़तिया ने बताया कि चैक पोस्ट पर वाहन चालकों से अवैध रूप से वसूली की लगातार शिकायत मिल रही थी। जिस पर टीम के साथ चैक पोस्ट पर दबिश दी गई। इस दौरान टीम को मौके पर 50 हजार 500 रुपए की नकदी मिली। पूछताछ करने पर परिवहन निरीक्षक अजय पुरोहित ने राशि वाहनों से कर के रूप में वसूलने की बात कही। जिस पर टीम ने सम्बंधित रसीद बुक कब्जे में ली है। टीम की ओर से रसीदों की जांच शुरू की गईहै।
पूर्व में भी हो चुकी है कार्रवाई
मंडार चैक पोस्ट पर पूर्व में भी एसीबी की कार्रवाई हो चुकी है। एसीबी की ओर से अक्टूबर 2012 में मंडार चैकपोस्ट पर छापा मारा गया था। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम को अवैध वसूली के 1.51 लाख रुपए मिले थे। जिस पर टीम ने परिवहन निरीक्षक समेत गार्डों को पकड़ा था। इसमें 83 हजार रुपए चैकपोस्ट व 68 हजार रुपए एक निजी गार्ड के घर से बरामद किए गए थे।
मेगा हाइवे पर वसूली का खुला खेल!
सिरोही. मेगा हाइवे पर कर संग्रहण केन्द्र पर परिवहन विभाग की मिलीभगत से ट्रक चालकों से अवैध वसूली का खेल चल रहा है। इसको लेकर यहां पूर्व में भी एसीबी कार्रवाई में भंडाफोड़ हो चुका है। अब एक बार फिर एसीबी टीम ने शिकायत के आधार पर यहां छापामार कार्रवाई की है। ऐसे में जाहिर है कि अंतरराज्यीय सीमा पार कर पहुंचने वाले वाहनों से एंट्री के नाम पर खुली लूट की जा रही है। परिवहन विभाग के अधिकारी व कार्मिक निजी स्तर पर गुर्गों को साथ रखते हैं। पूर्व की कार्रवाई में एसीबी ने यहां एक निजी गार्ड के कब्जे से रुपए भी बरामद किए थे।
निकलते हैं सैकड़ों वाहन
मेगा हाइवे पर परिवहन विभाग के कर संग्रहण केन्द्र मंडार से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन निकलते हैं। यहां वाहन चालकों से अवैध वसूली को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पत्नी की हत्या के आरोपित को रिमांड पर भेजा
रेवदर. पत्नी की हत्या करने के आरोपित पति को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपित को चार दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। थाना प्रभारी बाबूराम ने बताया कि डिगोलिया (दौलपुरा) निवासी पोपटलाल कोली ने सोमवार रात धारदार हथियार से वार कर पत्नी धनी देवी की हत्या कर दी थी। जिस पर मंगलवार को आरोपित को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद आरोपित को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। प्रकरण में संलिप्त आरोपित की दूसरी पत्नी अब तक फरार है। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमों की ओर से संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





No comments:
Post a Comment