Breaking News
recent

टोल नाके पर वाहन चालकों से खुली लूट! कोटा-लालसोट हाइवे स्थित टोल नाके का मामला

सवाईमाधोपुर. कोटा-लालसोट मेगा हाइवे पर स्थित भाड़ौती टोल नाके में रिडकोर अधिकारियों की अनदेखी के चलते टोल नाके के कर्मचारी नियमों को अनदेखा कर वाहन चालकों से खुली लूट कर रहे हैं। ऐसा ही मामला रविवार को सामने आया है। इस पर संबंधित वाहन चालक ने रिडकोर अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


यह था मामला
बौंली निवासी कार चालक कृष्णअवतार पाटीदार ने शिकायत में बताया कि वह शनिवार सुबह करीब पांच बजे सवाईमाधोपुर से बौंली जा रहा था। इस पर भाड़ौती टोल नाके पर उसने आने-जाने की 75 रुपए की टोल पर्ची कटवाई। वह जब शाम को करीब साढ़े छह बजे बौंली से सवाईमाधोपुर वापस आ रहा था। इस दौरान उसने सुबह कटवाई पर्ची टोलकर्मियों को दिखाई। इस पर उसने पर्ची को अमान्य कर दिया। दूसरी पर्ची कटवाने को कहा। इस पर चालक ने नियमों को हवाला दिया तो कर्मचरी चालक के साथ अभद्रता कर मारपीट पर उतारू हो गए। इससे भयभीत चालक ने पुन: 75 रुपए की टोल पर्ची कटवाई। बाद में इस संबंध में रिडकोर अधिकारियों को शिकायत की।


24 घंटे के लिए मान्य होती है पर्ची
वाहन चालक ने बताया कि नियमों के तहत टोल नाके पर आने-जाने के लिए कटवाई गई टोल पर्ची 24 घंटे के लिए मान्य होती है। 24 घंटे बाद दूसरी पर्ची कटवाने का प्रावधान है, लेकिन भाड़ौती टोल नाके पर खुली लूट चल रही है।


टोल नाके पर टोलकर्मियों द्वारा नियमों के विरूद्ध टोल की पर्ची काटने की शिकायत मिली है। दोनों पर्चियां वाट्सअप पर आ गई हैं। इस तरह करना नियमों की अनदेखी है। मामले की जांच करा रहे है।
जितेन्द्र शेखावत, रिडकोर अधिकारी, कोटा-लालसोट मेगा हाइवे सवाईमाधोपुर।


ग्रामीणों और पुलिस में झड़प एक दर्जन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
मित्रपुरा. बौंली थाना इलाके के रोगटी गांव में शनिवार रात करीब ग्यारह बजे अवैध बजरी के मामले में ग्रामीणों व पुलिस में झड़प हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे बौंली थानाधिकारी ने मौके से बजरी से भरे करीब एक दर्जन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।


यह था मामला
रोगटी गांव के ग्रामीण हरिराम मीणा ने बताया कि रात करीब सवा दस बजे बनास नदी से करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ओवरलोड बजरी भरकर गांव से निकल रहे थे। इस पर ग्रामीणों ने एक जुट होकर सभी ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रुकवाया। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना बौंली थाना पुलिस को दी। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने ग्रामीणों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को स्टार्ट कर थाने पर ले चलने के लिए कहा। इस दौरान जो ट्रैक्टर चलाना जानते थे। उन्होंने ट्रैक्टर स्टार्ट कर लिए, जबकि जो वाहन चलाना नहीं जानते थे। उनसे जबरन ट्रैक्टरों को स्टार्ट करने के लिए कहा। इसका विरोध करने पर पुलिस ने ने ग्रामीणों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान ग्रामीण व पुलिस के बीच झड़प हुई। ग्रामीण मौके से भाग छूटे। बाद में पुलिस जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने ले आई।


ग्रामीणों की वजह से स्थिति बिगड़ती है। अभी कार्रवाई चल रही है। अवैध बजरी का परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। इन्हें थाने पर ले जा रहे हैं। अभी रास्ते में हैं। कार्रवाई पूरी करने के बाद ही बता पाएंगे। ग्रामीणों से मारपीट के आरोप निराधार है।
चन्द्रप्रकाश, थानाधिकारी बौंली।


पता ही नहीं है...
रोगटी गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प के बारे में अभी जानकारी नहीं है। पता करते हैं।
सम्पत सिंह, पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण, सवाईमाधोपुर।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.