Breaking News
recent

JAISALMER NEWS: श्वानों के हमले में तीन हरिणों की मौत,जानिए पूरी खबर

जैसलमेर. लाठी क्षेत्र में गत एक माह से हरिणों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन श्वानों के हमले, तारबंदी में उलझने व भीषण गर्मी में प्यास के चलते हरिणों की मौत हो रही है। जबकि वन विभाग की ओर से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए जा रहे है। जिससे वन्यजीवप्रेमियों में रोष बढता जा रहा है। रविवार को भी क्षेत्र के भादरिया गांव में तारबंदी के पास श्वानों के हमले में तीन हरिणों की मौत हो गई। भादरिया गांव की ओरण की तारबंदी की गई है। रविवार को सुबह तारबंदी के पास कुछ श्वानों ने दो हरिणों पर हमला कर दिया। जिससे वे घायल हो गए। यहां से गुजर रहे जेठूसिंह ने श्वानों को भगाया। सूचना मिलने पर अखिल भारतीय जीव रक्षा विश्रोई सभा के तहसील संयोजक राधेश्याम पेमाणी, कांस्टेबल हनुमानराम, मुकेश मीणा मौके पर पहुंचे तथा हरिणों को लाठी अस्पताल लेकर आए। यहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्होंने तारबंदी के पास ही कुछ दिन पुराना एक हरिण का शव भी बरामद किया।
एक हरिण घायल
क्षेत्र के भादरिया गांव में श्वानों के हमले में एक हरिण घायल हो गया। भादरिया गांव के पास जलस्त्रोत पर एक हरिण पानी पी रहा था। इस दौरान श्वानों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे हरिण घायल हो गया। पप्पुसिंह ने श्वानों को भगाकर वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग के गेपरराम, तगतसिंह मौके पर पहुंचे तथा उसका उपचार करवाकर लाठी स्थित अस्थाई रेस्क्यु सैंटर में भर्ती करवाया।

क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन

जैसलमेर. लाठी गांव के दानसिंह स्टेडियम में चल रही मरहूम कादर भाईजान क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार की शाम समापन हुआ। जिसमें अंतिम मुकाबले में नवतला इलेवन की टीम ने कादर भाईजान की टीम को हराकर खिताब पर कब्जा किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच कादर भाईजान क्रिकेट क्लब व नवतला इलेवन टीम के बीच खेला गया। जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए नवतला की टीम ने 16 ऑवर में 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कादर भाईजान की टीम 16 ऑवर में 110 रन ही बना सकी तथा नवतला की टीम ने खिताब पर कब्जा किया। समाजसेवी सत्यनारायण पालीवाल के मुख्य आतिथ्य में विजेता, उपविजेता टीम को ट्रॉफी, मैन ऑफ द सीरिज प्रकाश दर्जी को 5100 रुपए देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमालदीन, समसदीन, नेमीचंद, हकीमखां, बशीरखां, रशीदखां, हमीरखां, आदम, बागेखां, बगदादखां सहित लोग उपस्थित थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.