सवाईमाधोपुर. बौंली की संवेदनशील ग्राम पंचायत हथडोली में सरपंच पद के लिए सोमवार को उपचुनाव के तहत मतदान हुआ। मामला संवेदनशील इसलिए भी रहा क्योंकि यहां एक तरफ अवैध बजरी खनन के मामले में सरपंच की हत्या में आरोपी था तो दूसरी तरफ मृतक सरपंच का पुत्र इस पद के लिए दावेदार रहा। हालांकि पुलिस ने सरपंच रघुवीर की हत्या के मामले को एसओजी को सौंप दिया है।
उपचुनाव में सरपंच के लिए चार प्रत्याशी थे। इनमें पूर्व सरपंच रघुवीर मीना का पुत्र भैरुलाल मीना था। उसके अलावा हत्या का आरोपी मानसिंह गुर्जर व दो अन्य प्रत्याशी थे। शाम को मतगणना के बाद मृतक सरपंच के पुत्र भैरुलाल मीना 456 वोट से विजेता घोषित किए गए। जिन्हें पद की शपथ दिलाई गई।
इसलिए था चुनाव तनावपूर्ण
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी को बजरी खननकर्ताओं ने कार्रवाई के लिए गई टीम में शामिल हथड़ोली सरपंच रघुवीर मीना पर हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही पद रिक्त चल रहा था। ऐसे में उपचुनाव में मृतक सरपंच के पुत्र भैरूलाल ने इस पद के लिए आवेदन किया। वहीं हत्या के मामले में आरोपी माने गए मानसिंह गुर्जर ने भी पद के लिए दावेदारी पेश की।
एसओजी कर रही जांच
सरपंच हत्या के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी गई है। हालांकि मानसिंह का नाम दर्ज रिपोर्ट में तो है, लेकिन पुलिस जांच में मानसिंह के नाम को लेकर संशय था। ऐसे में जांच एसओजी को सौंपी गई। अब एसओजी मामले की जांच कर रही है कि मानसिंह हत्याकांड में आरोपी है या नहीं। पुलिस के अनुसार मानसिंह के परिवार के कुछ सदस्य इस मामले में आरोपी थे। जिनके खिलाफ चार्जशीट भी सौंप दी गई है।
तैनात रहा जाप्ता
उपचुनाव को लेकर मतदान केन्द्र पर जाप्ता तैनात किया गया। इसके साथ ही मौके पर डिप्टी संपत सिंह, एसडीएम विजेंद्र मीना, एसएचओ चंद्रप्रकाश सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के कारण 50 से अधिक आरएसी के जवान व पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। वही गांव में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की मौजूदगी से हथड़ोली गांव छावनी जैसा नजर आया।
इतना हुआ मतदान
मंगलवार को हुए उपचुनाव में कुल 3697 वोटर में से 2967 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मतदान 80.25 प्रतिशत हुआ। सरपंच पद के लिए चार दावेदार थे। इसमें एक भैरुलाल मीना, दूसरा मानसिंह गुर्जर, मदनलाल मीना व हरिसिंह मीना थे।
व्यवस्था में रही कमी
मतदान के दौरान केन्द्र पर छाया की व्यवस्था न होने के कारण मतदाताओं को परेशानी उठानी पड़ी। मतदान में पुरुषों के साथ महिलाओं में भी काफी उत्साह दिखाई दिया। महिलाएं टोली बनाकर गीत गाते हुए मतदान केंद्र तक पहुंची।
उपचुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है। इसमें भैरुलाल मीना विजेता रहे हैं। पूर्व सरपंच रघुवीर मीना की हत्या के मामले में परिजनों ने प्रत्याशी मानसिंह गुर्जर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी थी। जिसे एसओजी को सौंप दिया है। अब एसओजी की निर्णय करेगी कि मानसिंह आरोपी है या नहीं।
चंद्रप्रकाश चौधरी, एसएचओ, बौंली





No comments:
Post a Comment