नई दिल्ली। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही इंग्लैंड में महिलाओं की T20 त्रिकोणीय सीरीज के पहले और दूसरे मुकाबले में लगातार रिकॉर्ड टूटे। इस मैच में एक ही दिन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने एक के बाद एक मुकाबले खेले। इन दोनों ही मुकाबलों में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड टूटा। पहले मैच में न्यूजीलैंड ने 1 विकेट के नुक्सान पर 216 रन बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, इसके बाद उसी दिन दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए 3 विकेट के नुक्सान पर 250 रनों का स्कोर खड़ा किया। रोचक बात यह है कि यह दोनों ही मुकाबले एक ही मैदान पर एक ही विपक्षी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए थे।
पहले मैच में बने 216 रन
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले मुकाबले में कप्तान सूजी बेट्स की 66 गेंदों में 124 रनों की धुआंदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 1 विकेट के नुक्सान पर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया। यह महिला क्रिकेट का T20 में सर्वाधिक स्कोर था। सूजी बेट्स ने इस पारी के दौरान 16 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके साथ ही सोफी डीवाइन ने 48 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 73 रनों की पारी खेली। रनों का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 6 विकेट के नुक्सान पर केवल 150 रन ही बना सकी और यह मैच 66 रनों से हार गई। न्यूजीलैंड की तरफ से हेली जेन्सेन ने 3 विकेट झटके।
दूसरे मैच में बने रिकॉर्ड 250 रन
दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के सामने इंग्लैंड की टीम थी। इस मुकाबले में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने 52 गेंदों में 116 रनों की पारी खेली। यह महिला T20 क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज शतक था। यह शतक 48 गेंदों में 4 छक्कों और 18 चौकों की मदद से आया था। इस शतक की बदौलत इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 250 रनों का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। रनों का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए एक बार फिर उनकी कप्तान डेन वैन निकर्क ने अर्धशतक लगाया लेकिन उनको टीम का साथ नहीं मिला और टीम 6 विकेट के नुक्सान पर 129 रन ही बना सकी, यह मैच दक्षिण अफ्रीका 121 रनों से हारी। दोनों ही मुकबलों में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान ने अर्धशतक लगाया।
महिला T20 क्रिकेट में टॉप-5 सर्वाधिक स्कोर
1. 250/3 इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, 20 जून 2018
2. 216/1 न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, 20 जून 2018
3. 209/4 ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, मुंबई 2018
4. 205/1 दक्षिण अफ्रीका बनाम नीदरलैंड, 2010
5. 199/4 इंग्लैंड बनाम भारत, मुंबई 2018





No comments:
Post a Comment