Breaking News
recent

एक ही परिवार के 11 सदस्यों के शव फंदे पर मिलने का मामला: गहलोत ने ली जानकारी, सांसद बोले, गृहमंत्री से करेंगे बात

चित्तौडग़ढ़। दिल्ली के उत्तरी इलाके बुराड़ी स्थित संत नगर के जिस मकान में रविवार को एक ही परिवार के 11 सदस्यों के शव फंदे पर लटके मिले वह परिवार मूलत: चित्तौडग़ढ़ जिले के सावा का रहने वाला है। सांसद जोशी व पूर्व विधायक जाड़ावत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।

सावा निवासी महावीरसिंह ने बताया कि दिल्ली में फंदे पर लटके मिले एक ही परिवार के 11 सदस्यों में से परिवार के मुखिया ललितसिंह व भूपेन्द्रसिंह उर्फ भूपी दोनों भाई थे। इनके पिता भोपालसिंह चुण्डावत मूलत: सावा के चांदनी चौक निवासी थे। वे करीब तीस साल पहले यहां से हरियाणा के टोहणा गांव चले गए और वहां एक होटल पर काम किया, इसी दौरान वहां भाटिया परिवार की बेटी से उनका विवाह हो गया। इसके बाद वे परिवार सहित दिल्ली में बस गए। भोपालसिंह का निधन हो चुका है।

ललितसिंह के एक भाई दिनेशसिंह
रावतभाटा में रहते है और ठेकेदारी का काम करते है, उनकी पत्नी शिक्षक है। महावीर सिंह के अनुसार दिनेशसिंह रोजगार के लिए सउदी अरब चले गए थे और उनके कहने पर ही करीब बीस साल पहले भोपालसिंह परिवार सहित अपने पिता हरिसिंह चुण्डावत से मिलने सावा आए थे। इसके बाद इस परिवार का शादी-ब्याह जैसे किसी भी सामाजिक कार्यक्रमों में शरीक होने सावा आना जाना रहता है।

भोपालसिंह के चार भाई थे, इनमें से जोधसिंह व रणसिंह आज भी सावा में ही रहते हैं। महावीरसिंह ने बताया कि करीब पांच-छह साल पहले किसी ने ललित का गला दबा दिया था, इससे उसकी आवाज बंद हो गई थी, लेकिन बाद में वे फिर से बोलने लग गए थे।

सावा में शोक की लहर
दिल्ली में चुण्डावत उर्फ भाटिया परिवार के 11 सदस्यों के शव फंदे पर लटके मिलने की खबर मिलते ही रविवार को सावा में शोक की लहर छा गई। यहां हर कोई घटना के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिया। सूचना मिलने पर ललितसिंह व भूपी के बड़े भाई दिनेशसिंह रावतभाटा से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

गहलोत ने ली जानकारी
पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस बारे में उनसे जानकारी ली है। जाड़ावत ने भी दिनेशसिंह से बातचीत कर जानकारी ली।

सांसद बोले, गृहमंत्री से बात करेंगे
इधर सांसद सीपी जोशी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ ही कहा कि इस बारे में वे केन्द्रीय गृहमंत्री से बात कर घटना की सत्यता उजागर करने की मांग करेंगे। जोशी ने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही यह खुलासा हो पाएगा कि परिवार के सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या की है या फिर उनकी हत्या की गई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.