सवाईमाधोपुर . पिछले करीब 12 दिन से चल रही जद्दोजहद के बाद आखिर जिला प्रशासन ने नगर परिषद सभापति डॉ. विमला शर्मा के खिलाफ अविश्वास को लेकर बोर्ड बैठक की तारीख तय कर दी है। जिला कलक्टर के अनुसार बैठक 12 जुलाई अपराह्न 3 बजे से नगर परिषद सभागार में होगी। ये बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर महेन्द्र लोढा की अध्यक्षता में होगी। पार्षद वोटिंग करके अविश्वास के पक्ष या विपक्ष में अपना समर्थन देंगे। जिला प्रशासन की ओर से देर शाम तक बोर्ड बैठक की तैयारी को लेकर मंथन किया गया। गौरतलब है कि बागी पार्षद 20 जून के बाद से ही अविश्वास का पत्र देकर भूमिगत चल रहे हैं। वे जिला प्रशासन से लगातार बोर्ड बैठक बुलाने की मांग कर रहे थे।
38 पार्षद अविश्वास के समर्थन में : सवाईमाधोपुर नगर परिषद में 45 पार्षद हैं। इनमें से 38 पार्षद सभापति के खिलाफ अविश्वास के समर्थन में है। हालांकि अब 12 जुलाई को निर्धारित बोर्ड बैठक में फैसला होगा कि 38 में से कितने पार्षद इसके पक्ष में वोटिंग करेंगे।
पार्षदों की खिली बांछे
अविश्वास के चलते घर से बेघर चल रहे पार्षदों ने राहत की सांस ली है। तिथि तय नहीं होने से पार्षद घर से बाहर होने के कारण परेशान हो रहे थे। उन्हें सोमवार को जैसे ही इसकी खबर पता चली, उनकी बांछे खिल गई। वे सवाईमाधोपुर मे लोगों को फोन कर इसकी जानकारी देते नजर आए।
संकल्प ले उड़ाई दावत
भूमिगत चल रहे पार्षदों को अविश्वास प्रस्ताव लाने की तिथि की खबर पता चली तो उन्होंने अज्ञात स्थान पर एक मीटिंग भी की। नेता प्रतिपक्ष गिर्राज गुर्जर ने बताया कि पार्षदों ने कहा कि उनका जोश बरकरार है। चाहे कुछ भी हो जाए सभापति के खिलाफ अविश्वास लाकर रहेंगे। उन्होंने एकजुटता दिखाने का भी संकल्प दोहराया। खीर पुड़ी की दावत भी उड़ाई।
अब कुर्सी का काउनडाउन शुरू
तारीख तय होने के बाद अब सभापति की कुर्सी का काउनडाउन भी शुरू हो गया है। पार्षदों के लिए जहां एक-एक दिन का इंतजार भारी होगा। वहीं दूसरी ओर सभापति की नींद भी उड़ी रहेगी। दस दिन का इंतजार दोनों के लिए किसी लम्बी मंजिल से कम नहीं होगा। देखा होगा कि किसी किस्मत अब चमकेगी।
अविश्वास आया तो कौन बनेगा सभापति
वोटिंग के दौरान अगर सभापति विमला शर्मा के खिलाफ अविश्वास पारित हो जाता है तो अगला सभापति कौन बनेगा, इसको लेकर भी चर्चाएं चल रही है। लोगों के जहन में ये ही सवाल खड़ा हो रहा है। हालांकि कांग्रेस के पार्षद तो इस दौड़ से बाहर ही हैं, ऐसे में भाजपा में से ही कोई कोई सभापति बनेगा। क्योंकि उसके पार्षद ज्यादा हैं। सूत्रों के अनुसार बागी भाजपा पार्षदों में अभी सिर्फ इसी पर ध्यान है कि कैसे भी करके अविश्वास लाए जाए, इस पर है। अविश्वास आने के बाद ही इस पर चर्चा होगी।
- विश्वास मत हासिल करेंगे...
हमारी कोशिश ही नहीं, पूरा विश्वास है कि हम विश्वास मत हासिल करेंगे।
डॉ. विमला शर्मा, सभापति, नगर परिषद, सवाईमाधोपुर
- अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो, इसके लिए पार्टी के पार्षदों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन संपर्क नहीं हो रहा है। संपर्क होते ही पार्षदों की समझाइश की जाएगी। इस बारे में प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया है।
सुरेश जैन, जिलाध्यक्ष भाजपा, सवाईमाधोपुर





No comments:
Post a Comment